इंदौर: 30 दिन के मासूम के पेट में मिला ‘बच्चे के अंदर बच्चा’, 4 घंटे की सर्जरी के बाद निकाला आधा किलो का भ्रूण

Indore News: शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक चली जटिल सर्जरी के बाद बच्‍चे के शरीर से लगभग आधा किलो वजनी भ्रूण को बाहर निकाल दिया.
Family with the child in the hospital

अस्‍पताल में मासूम के साथ परिवार

Indore News: इंदौर में चिकित्सा जगत का एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है. यहां 30 दिन के नवजात अयांश के शरीर के अंदर एक अविकसित भ्रूण मौजूद था. शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक चली जटिल सर्जरी के बाद लगभग आधा किलो वजनी भ्रूण को बाहर निकाल दिया. चिकित्सा विज्ञान में इस स्थिति को फीटस-इन-फीटू कहा जाता है. सफल ऑपरेशन के बाद बच्चे को एनआईसीयू में रखकर उसकी विशेष देखभाल की जा रही है.

गर्भावस्था के आठवें महीने में चला था पता

यह मामला जूनी इंदौर निवासी कुनाल वर्मा और दीपमाला के बेटे अयांश से जुड़ा है. गर्भावस्था के आठवें महीने में जांच के दौरान डॉक्टरों को बच्चे के शरीर में इस असामान्य स्थिति का पता चला था. जन्म के बाद परिजन उसे उपचार के लिए शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे. विशेषज्ञों ने जांच के बाद सर्जरी करने का निर्णय लिया, ताकि बच्चे के शरीर के अंदर मौजूद अविकसित भ्रूण को सुरक्षित तरीके से निकाला जा सके.

डॉ. अशोक लड्ढा की टीम ने किया ऑपरेशन

4 नवंबर को पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग की टीम ने डॉ. अशोक लड्ढा के नेतृत्व में ऑपरेशन किया. करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक चली इस सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने नवजात के शरीर से लगभग आधा किलो वजनी अविकसित भ्रूण निकाला. इस भ्रूण में दो हाथ, दो पैर, जननांग और रीढ़ की हड्डी का कुछ हिस्सा विकसित हो चुका था. बच्चे की कम उम्र को देखते हुए सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण थी. डॉक्टरों के सामने भ्रूण को निकालने के साथ नवजात के दूसरे अंगों को सुरक्षित रखने की भी जिम्मेदारी थी.

क्या है फीटस-इन-फीटू?

फीटस-इन-फीटू एक अत्यंत दुर्लभ जन्मजात स्थिति है, जिसे सामान्य भाषा में ‘बच्चे के अंदर बच्चा’ कहा जाता है. गर्भावस्था के शुरुआती चरण में जुड़वां भ्रूणों के विकास के दौरान असामान्य प्रक्रिया के कारण एक भ्रूण दूसरे के शरीर के भीतर फंस जाता है. इसके बाद वह सामान्य रूप से विकसित नहीं हो पाता, लेकिन उसके कुछ अंग विकसित हो सकते हैं. इस स्थिति की पहचान गर्भावस्था के दौरान अल्ट्रासाउंड या जन्म के बाद जांच से हो सकती है.

एनआईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में मासूम

सफल ऑपरेशन के बाद अयांश को नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में रखा गया है. डॉक्टर उसकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और विशेष देखभाल कर रहे हैं. इस तरह के मामलों में समय पर पहचान और विशेषज्ञों की देखरेख महत्वपूर्ण होती है. इंदौर में किया गया यह ऑपरेशन दुर्लभ जन्मजात स्थिति के उपचार का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें