इंदौर: वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात की तो कट जाएगा चालान, ट्रैफिक पुलिस ने 1,018 लोगों पर की कार्रवाई
सांकेतिक तस्वीर
Indore News: इंदौर में ट्रैफिक पुलिस ने एक अनोखा अभियान चलाया है. अब शहर में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या फिर मोबाइल फोन देखना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है. यातायात पुलिस ने वाहन चलाते समय लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है. शहर में ट्रैफिक पुलिस ने 1 से 15 नवंबर 2026 के बीच एक विशेष अभियान चलाया है. इस अभियान के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल वाहन चलाते समय करने पर 1,018 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है.
वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना जान का जोखिम
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक को ड्राइविंग करते समय मोबाइल पर बात करना, मैसेज पढ़ना या फिर मोबाइल की स्क्रीन देखना भारी पड़ सकता है. वाहन चलाते समय कुछ टाइम के लिए यदि सड़क से ध्यान हटने पर गंभीर हादसा हो सकता है और इसका खतरा केवल वाहन चालक तक ही सीमित नहीं है, इससे सड़क पर चल रहे आम लोग और दूसरे वाहन चालकों के लिए भी जान का जोखिन बन जाता है.
ट्रैफिक पुलिस कर रही चालान कार्रवाई
वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए ट्रैफिक पुलिस अभियान चला रही है, वहीं दूसरी तरफ नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस चालानी कार्रवाई भी करती दिखाई दे रही है. पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह, डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी की निगरानी में इस अभियान को चलाया जा रहा है.
वाहन रोककर करें जरूरी कॉल पर बात
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें. यदि वाहन चलाते समय कोई जरूरी कॉल हो तो वाहन को किसी सुरक्षित जगह पर रोककर कॉल पर बात करें. अभियान के दौरान पुलिस का कहना है कि सड़क पर वाहन को चलाते समय पूरा ध्यान यातायात पर रखना जरूरी है. मोबाइल फोन पर आने वाले कॉल थोड़े समय बाद भी उठाए जा सकते हैं, लेकिन वाहन चलाने पर काॅल पर बात करना गंभीर हादसे का बड़ा कारण बन सकता है.



