Jabalpur Road Accident: हाईस्पीड ने एक बार फिर कहर बरपाया है. जबलपुर के तिलवारा पुल पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. जिसने बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और उनका दो साल का मासूम बेटा बच गया. इस हादसे में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार परिवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि महिला उछलकर सीधे पुल के नीचे जा गिरी जबकि पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे के तिलवारा पुल पर बीती रात दर्दनाक हादसा हो गया. तिलवारा पुल पर पिकअप वाहन तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया. बाइक से जा रहे दम्पती को पीछे से वाहन ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार दंपति संभल ही नहीं सके और कुछ ही सेकंड में सबकुछ खत्म हो गया. टक्कर से बाइक पर बैठी महिला उछल कर सीधे पुल से नीचे जा गिरी और उसकी मौत हो गई. वहीं पति पुल पर ही वाहन के नीचे आ गया. हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई.
घायल बेटे का इलाज जारी
इस दर्दनाक हादसे में 30 साल के नारायण उर्फ बंटी केवट और उनकी 28 साल की पत्नी शालिनी केवट निवासी उड़िया मोहल्ला, थाना माढ़ोताल की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनका मासूम बेटा घायल हो गया. जिसे तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि परिवार ससुराल से अपने घर लौट रहा था, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा. खुशियों से भरा परिवार एक पल में बिखर गया.
ये भी पढ़ें: MP News: कान्हा नेशनल पार्क में 9 दिनों में 5 बाघों की मौत, डराने वाली वजह आई सामने
आरोपी की तलाश जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. रोपी वाहन चालक की तलाश जारी है. इस घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक है और स्थानीय लोग तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.
