Jabalpur News: एक सड़क हादसा, हत्या और फिर 9 परिवारों की जिंदगी तबाह. यह घटना जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र की है. यहां एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया तो वहीं आठ परिवारों के बेटे जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे. जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद हुई हत्या के मामले पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि बाकी चार आरोपी अभी भी फरार हैं.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि 8 फरवरी को रांझी क्षेत्र में एकांत साहू अपने फर्नीचर की दुकान बंद करके घर जा रहा था. इसी दौरान क्रॉसिंग पर एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी. इस हादसे के बाद विवाद हुआ लेकिन स्थानीय लोगों के बीच बचाव में विवाद शांत हो गया. कुछ मिनटों बाद कुछ लड़के आए और एकांत साहू पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल हुए एकांत की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन मौका-ए-वारदात पर अपनी मोटरसाइकिल छोड़ गए. बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने जानकारी जुटाई तो शिवम बाजपेई का नाम सामने आया. पुलिस ने सघन तलाशी के बाद शिवम बाजपेई को विजयनगर के जीरो डिग्री क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
चार आरोपी गिरफ्तार
- गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शिवम बाजपेई
- सुधीर चौधरी
- सुमित चौधरी
- अंकित चौरसिया शामिल हैं.
- वहीं, फरार आरोपियों में कमलेश महोबिया, जय बेन, छोटू ठाकुर और एक अन्य युवक शामिल हैं.
गिरफ्तारी के बाद शिवम बाजपेई ने बताया की सड़क हादसे के बाद उसने ही अपने साथियों को फोन करके घटना स्थल पर बुला लिया था. इसके बाद एकांत साहू पर हमला कर दिया. इस हमले के दौरान कमलेश महोबिया और छोटू ठाकुर ने एकांश पर चाकू से वार किया था और फिर सभी लोग मौके से फरार हो गए. पुलिस ने शिवम बाजपेई, सुधीर चौधरी, सुमित चौधरी और अंकित चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, हत्या करने वाले मुख्य आरोपी कमलेश महोबिया और छोटू ठाकुर की तलाश जारी है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
