Amarkantak Elephant Statue Incident Video: मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल अमरकंटक में नर्मदा मां के मंदिर में एक अनोखी और पुरानी परंपरा निभाई जाती है. यहां मंदिर परिसर में हाथी की एक मूर्ति लगी है, जिसके नीचे से श्रद्धालु निकलते हैं. मान्यता है कि जो व्यक्ति इस मूर्ति के नीचे से आसानी से निकल जाता है, उसने पुण्य किया है, और जो फंस जाता है, उसके पाप ज्यादा माने जाते हैं.
मूर्ति के नीचे फंसा युवक
इसी मान्यता को परखने के दौरान एक शख्स मूर्ति के नीचे फंस गया. बताया जा रहा है कि शख्स आस्था के साथ हाथी की मूर्ति के नीचे से निकलने की कोशिश कर रहा था. मूर्ति ज्यादा बड़ी नहीं है, इसलिए उसके नीचे से निकलने के लिए काफी झुककर और संभलकर निकलना पड़ता है. शख्स बीच में ही फंस गया. वह काफी देर तक संघर्ष करता रहा, लेकिन निकल नहीं पा रहा था. आसपास मौजूद लोग भी यह नजारा देखकर हैरान रह गए.
अमरकंटक में हाथी की प्राचीन मूर्ति के नीचे फंसा शख्स, मुश्किल से निकला बाहर #Amarkantak #MadhyaPradesh #NarmadaTemple #NarmadaMandir https://t.co/mu8vm1ySZb
— Vistaar News (@VistaarNews) November 23, 2026
बड़ी मशक्कत के बाद निकल पाया शख्स
कुछ लोग उसे निकालने की कोशिश करने लगे, तो कुछ लोग वीडियो बनाने लगे.इस दौरान एक पंडित पीछे से लगातार शख्स को धक्का देते रहे और उसे बाहर निकालने में मदद करते रहे. शख्स भी पूरी ताकत लगाकर बाहर निकलने की कोशिश करता रहा. काफी देर की मशक्कत के बाद जैसे-तैसे वह मूर्ति के नीचे से बाहर निकल पाया. बाहर निकलते ही उसने राहत की सांस ली.
घटना का वीडियो तेजी से वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो किसी श्रद्धालु ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक को हाथी की मूर्ति के नीचे फंसा हुआ और संघर्ष करते हुए साफ देखा जा सकता है. वीडियो देखने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे मजेदार बता रहे हैं, तो कुछ लोग कह रहे हैं कि, पढ़ा लिखा होना जरूरी है.
