Indore: कृष्णबाग कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई, 48 मकान तोड़े जा रहे, 900 अधिकारियों-कर्मचारियों का अमला तैनात

Krishnabagh Colony Bulldozer Action: इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में सुबह होते ही बुलडोजर गरजने लगे. प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की. जेसीबी और पोकलेन मशीनों से चिह्नित मकानों को तोड़ने का काम किया गया.
Indore Krishnabagh Colony Bulldozer Action

इंदौर: कृष्णबाग कॉलोनी में बुलडोजर एक्शन

Indore Bulldozer Action: मध्य प्रदेश के इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन ने बड़ी बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया. सुबह 6 बजे से शुरू हुई कार्रवाई में जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से चिह्नित मकानों को तोड़ा गया. विवादित जमीन श्रीराम बिल्डर्स को सौंपने के लिए प्रशासन ने यह कार्रवाई की. मौके पर 900 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों का अमला तैनात रहा. वहीं, किसी भी विरोध और अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई.

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में सुबह होते ही बुलडोजर गरजने लगे. प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की. जेसीबी और पोकलेन मशीनों से चिह्नित मकानों को तोड़ने का काम किया गया. कार्रवाई के लिए करीब 62 कब्जेदारों को चिह्नित किया गया था. हालांकि, हाईकोर्ट से राहत पाने वाले रहवासियों के मकानों को कार्रवाई से अलग रखा गया.

400 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

पूरी कार्रवाई के दौरान 900 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों का अमला तैनात रहा. इसमें 400 से अधिक पुलिसकर्मी, नगर निगम की 300 सदस्यीय रिमूवल टीम और करीब 150 प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई. मौके पर 10 पोकलेन और 10 जेसीबी मशीनों की मदद से मकानों को हटाया गया.

एक महीने पहले दिया था नोटिस

कार्रवाई को लेकर प्रशासन का कहना है कि रहवासियों को पहले ही नोटिस देकर मकान खाली करने की समझाइश दी गई थी. करीब एक महीने से लगातार लोगों को मकान खाली करने के लिए कहा जा रहा था. इसके बावजूद जिन लोगों ने अपने मकान खाली नहीं किए, उन्हें रिमूवल टीम की मदद से खाली कराया गया. प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई पूरी तरह तय योजना के तहत की गई.

वहीं, प्रशासन की इस कार्रवाई का रहवासी लगातार विरोध कर रहे थे. कई परिवार कार्रवाई रुकवाने की मांग लेकर भोपाल तक पहुंचे थे. कार्रवाई से पहले ही कई परिवारों ने अपने घरों का सामान समेटना शुरू कर दिया था. मौके पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और मेडिकल टीम भी तैनात रही. प्रशासन का लक्ष्य 26 नवंबर से पहले जमीन खाली कराकर श्रीराम बिल्डर्स को सौंपना है. फिलहाल कृष्णबाग कॉलोनी में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में प्रशासन की मौजूदगी बनी हुई है.

ज़रूर पढ़ें