Tiger Reserve Reopens October 1: मध्य प्रदेश वन्यजीवों और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए देशभर में जाना जाता है. यहां मौजूद 9 टाइगर रिजर्व में पर्यटक बाघों के साथ कई दूसरे वन्यजीव और पक्षियों को देखने के लिए पहुंचती हैं. इसी कड़ी में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नए पर्यटन सीजन की शुरुआत होने जा रही है. 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए पार्क के पर्यटन जोन खोल दिए जएंगे. इसे लेकर पार्क प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
जंगल की बातों की पाठशाला में तैयार हो रहे गाइड
बांधवगढ़ में आने वाले पर्यटकों को अब गाइड सिर्फ बाघ और दूसरे वन्यजीव दिखाने तक सीमित नहीं रहेंगे. गाइड पर्यटकों को जंगल, वन्यजीवों के व्यवहार, पेड़-पौधों और यहां की जैव विविधता के बारे में भी जानकारी देंगे. इसके लिए पार्क प्रबंधन गाड्स को खास प्रशिक्षण दे रहा है. इसी उद्देश्य से शुरू की गई ‘जंगल की बातों की पाठशाला’ अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है. पर्यटन वर्ष 2026-27 के तहत करीब 200 गाइड्स को अलग-अलग बैच में ट्रेनिंग दी जा रही है.
छठे बैच में 26 गाइड्स ने लिया हिस्सा
बता दें कि 11 और 12 सितंबर को ‘जंगल की बातों की पाठशाला’ के छठे बैच का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया था. इसमें 26 गाइड्स ने हिस्सा लिया हुआ था. प्रशिक्षण के दौरान क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने गाइड्स से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि गाइड बांधवगढ़ की पहचान का बहुत बड़ा हिस्सा हैं. पर्यटकों को जंगल के बारे में सही जानकारी देने के साथ उनका व्यवहार और बातचीत का तरीका भी काफी महत्वपूर्ण है. गाइड्स के जरिए पर्यटकों को बांधवगढ़ को बेहतर तरीके से समझने का मौका मिलेगा.
ये भी पढ़ें-UNESCO की टेंटेटिव लिस्ट में एमपी के 4 ऐतिहासिक स्थल शामिल, जानें क्यों हैं ये जगह इतनी खास
1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खुलेंगे पर्यटन जोन
1 अक्टूबर से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए खुल जाएंगे. नए पर्यटन सीजन में जंगल की सफारी के दौरान गाइड्स की भूमिका पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण रहने वाली है. पार्क प्रबंधन की कोशिश है कि पर्यटक बांधवगढ़ से सिर्फ बाघों और दूसरे वन्यजीवों की फोटो लकर वापस न लौटें. वे जंगल की प्रकृति, वन्यजीवों के जीवन और पर्यावरण को समझने का अनुभव भी अपने साथ लेकर जाएं.
