पूर्व IPS केसरी के बेटे पर एक्शन, 7 दिनों तक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एंट्री बैन, नियमों के उल्लंघन का मामला
पूर्व आईपीएस केसरी के बेटे सुयश पर एक्शन
MP News: मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्यजीव पर्यटन के नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है. मध्यप्रदेश कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी आईसीपी केसरी के बेटे और चर्चित वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर सुयश केसरी को पार्क प्रबंधन ने नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है. सुयश के साथ गाइड निखिल सिंह को भी स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है. आरोप है कि पर्यटकों को लेकर गए वाहन ने निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर वन क्षेत्र में प्रवेश किया. इसे पार्क प्रबंधन के नियमों और निर्देशों का उल्लंघन माना गया है.
क्या है पूरा मामला?
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला स्थित कार्यालय के पर्यटन अधिकारी की ओर से नोटिस के मुताबिक, 9 नवंबर को शाम की सफारी के दौरान पनपथा बफर जोन में यह घटना हुई. सहायक संचालक ताला के गश्ती और निरीक्षण के दौरान पर्यटकों का वाहन निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर वन क्षेत्र में पाया गया. नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि पर्यटन मार्ग से हटकर वाहन ले जाना पर्यटन नियमों और पार्क प्रबंधन की ओर से जारी निर्देशों का उल्लंघन है.
पर्यटन अधिकारी ने सुयश केसरी और गाइड निखिल सिंह से इस मामले में लिखित स्पष्टीकरण मांगा है. नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर पर्यटन नियमों के तहत एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी. नोटिस की प्रतिलिपि क्षेत्र संचालक, उप संचालक और सहायक संचालक सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है.
पहले भी कई बार मिल चुके हैं नोटिस
इस पूरे मामले में सुयश केसरी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. सुयश केसरी वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर के तौर पर अपनी पहचान रखते हैं. आरोप हैं कि पार्क के नियमों के उल्लंघन के बाद वन विभाग के कर्मचारियों पर दबाव बनाया गया और उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर शिकायत भी की गई. हालांकि, इन आरोपों और शिकायतों को लेकर सुयश केसरी का पक्ष सामने आना बाकी है. बता दें कि पिता के नौकरी पर रहते हुए कई बार वन नियमों के उल्लंघन के मामले में सुयस केसरी सुर्खियों में रहे लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई अब नोटिस देकर जवाब मांगा गया है.
प्रबंधन ने की कार्रवाई, 7 दिन के लिए सफारी बंद
बांधवगढ़ को टाइगर प्रबंधन ने रिटायर्ड आईएएस आईसीपी केसरी के बेटे सुरेश केसरी पर पहली बार 2000 रुपये के जुर्माने की कार्रवाई की है. इसके साथ ही सात दिन के लिए सफारी बंद करने का पनिशमेंट भी जोड़ा है. यानी कि सुयश केसरी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 7 दिन के लिए नहीं आ सकते हैं. साथ ही यदि उचित जवाब नहीं मिलता है तो आगे भी वन विभाग कार्रवाई कर सकता है लेकिन पहली बार वन विभाग ने किसी हाई प्रोफाइल अधिकारी के मामले के बाद भी कार्रवाई की है.



