रेंजर के सरकारी बंगले से चंदन का पेड़ काटकर ले उड़े चोर! बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन में मचा हड़कंप
उमरिया में रेंजर के बंगले से चोर चंदन का पेड़ काटकर ले गए.
Input: चंदन श्रीवास
MP News: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर परिक्षेत्र स्थित रेंजर के शासकीय बंगले से चोर चंदन का पेड़ काटकर ले गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद टाइगर रिजर्व प्रबंधन में हड़कंप मच गया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को पत्र भेजा गया है.
सौगान और चंदन का पेड़ काटकर ले गए
जानकारी के अनुसार, मानपुर परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश अहिरवार के स्थानांतरण के बाद उनका शासकीय आवास खाली पड़ा था. परिसर में चंदन, सागौन सहित अन्य मूल्यवान पेड़ लगे हुए थे. आरोप है कि चोरों ने 15 दिन पहले सागौन का पेड़ काटा और उसके बाद चंदन का पेड़ भी काटकर ले गए. घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी. सहायक संचालक मानपुर नितिन निगम ने पुलिस को पत्र लिखकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है.
आरोपियों की तलाश जारी
सहायक संचालक नितिन निगम ने बताया कि चंदन का पेड़ चोरी होने की सूचना के बाद पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के लिए पत्र भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है. वन विभाग का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: बिना कोचिंग 12वीं के साथ NEET क्रैक किया, धार के शारिक शेख ने रचा इतिहास