Jabalpur News: जबलपुर की पाटन विधानसभा से भाजपा विधायक अजय बिश्नोई ने एक बार फिर अपनी ही सरकार को घेरे में ले लिया है. विधायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके PWD मंत्री राकेश सिंह पर निशाना साधा है.
उन्होंने जबलपुर भोपाल हाईवे पर गिरे रेलवे ओवर ब्रिज का मुद्दा उठाया और रूट डायवर्ट होने के चलते पाटन जबलपुर सड़क पर हुए हादसे का जिक्र किया. उन्होंने कहा इस हादसे में एक व्यक्ति की जान गई है. विधायक अजय बिश्नोई ने आगे कहा कि PWD मंत्री राकेश सिंह सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं दे पा रहे हैं.
विधायक ने एक्स पर किया पोस्ट
विधायक ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि भोपाल-जबलपुर के पाटन की ओर डायवर्ट किए गए ट्रैफिक ने आज फिर एक बली ले ली है. शहपुरा का पुल बन नहीं पा रहा है. सारा हेवी ट्रैफिक पाटन होकर जबलपुर आ रहा है. पाटन की सड़क इतने हेवी ट्रैफिक के लिए नहीं बनी है. हेवी ट्रैफिक ने इस सड़क का सत्यानाश कर दिया है.
भोपाल-जबलपुर के पाटन की ओर डायवर्ट किए गए ट्रैफिक ने आज फिर एक बली ले ली है।
— Ajay Vishnoi (@AjayVishnoiBJP) July 23, 2026
शहपुरा का पुल बन नहीं पा रहा है। सारा हेवी ट्रैफिक पाटन होकर जबलपुर आ रहा है। पाटन की सड़क इतने हेवी ट्रैफिक के लिए नहीं बनी है। हेवी ट्रैफिक ने इस सड़क का सत्यानाश कर दिया है।
जबलपुर-पाटन सड़क को…
विधायक ने आगे लिखा कि जबलपुर-पाटन सड़क को चौड़ा और मजबूत करने की योजना को बजट में शामिल कर लिया गया है, परंतु यह सड़क PWD मंत्री राकेश सिंह की प्राथमिकता में नहीं है, इसलिए इसके निर्माण को स्वीकृति नहीं दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि मैंने माननीय मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलकर उन्हें एक पत्र दिया है और अनुरोध किया है कि बजट में शामिल पाटन-जबलपुर एवं पाटन-मानकेड़ी सड़क को प्राथमिकता देकर निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराई जाए.
पहले भी उठाए सवाल
विधायक अजय बिश्नोई ने इससे पहले भी कई सवाल उठाए हैं. विधायक ने जूट से बनी बोरी का मामला भी उठाया था. उनके इस सुझाव के चलते सरकार की बारदाना (मुख्य रूप से जूट या प्लास्टिक से बनी बोरी) खरीद में करीब 60-70 करोड़ की बचत हुई थी.
