Vistaar NEWS

Jabalpur: शादी से इनकार करने पर किया ब्लैकमेल, फोटो भेजकर तुड़वाया रिश्‍ता, थाने के सामने दो पक्षों में भिड़ंत, 16 पर FIR

Vehicles burnt in violence

हिंसा में जलाई गाड़ि‍यां

Jabalpur News: जबलपुर जिले में एक प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब युवती द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद युवक ने कथित तौर पर उसकी निजी तस्वीरें उस परिवार तक पहुंचा दीं, जहां उसका विवाह तय हुआ था. तस्वीरें सामने आने के बाद युवती का रिश्ता टूट गया, जिससे दोनों परिवारों के बीच तनाव गहरा गया. मामला इतना बढ़ा कि शुक्रवार देर रात थाने के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई. इस दौरान कुछ वाहनों को आग के हवाले भी कर दिया गया.

शादी से इनकार के बाद बढ़ा विवाद

घटना जबलपुर से करीब 48 किलोमीटर दूर मझौली क्षेत्र की है. पुलिस के अनुसार, इलाके के एक युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. बाद में युवती ने युवक से विवाह करने से मना कर दिया और अपने परिवार की इच्छा के अनुसार शादी करने की बात कही. इसके बाद युवक पर युवती को ब्लैकमेल करने का आरोप लगा. बताया जा रहा है कि उसने युवती की तस्वीरें उस परिवार को दिखा दीं, जहां उसका विवाह तय हुआ था. इसके चलते शादी टूट गई और दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया.

परिवारों के बीच बढ़ता गया तनाव

युवती के परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर युवक के परिवार से शिकायत की थी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कई बार बातचीत हुई, लेकिन विवाद सुलझने के बजाय लगातार बढ़ता चला गया. तनाव की स्थिति के बीच दोनों परिवारों के सदस्य समझौते के लिए बैठे, लेकिन सहमति नहीं बन सकी और रिश्तों में खटास और बढ़ गई.

थाने के सामने हुई हिंसक झड़प

शुक्रवार रात हालात उस समय बिगड़ गए, जब दोनों पक्षों के लोग मझौली थाना क्षेत्र के बाजार चौक में आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे. झड़प के दौरान सड़क किनारे खड़े दो वाहनों में आग लगा दी गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना थाने के सामने होने के कारण पुलिस तत्काल सक्रिय हुई.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नेहरू खड़ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. हालांकि तब तक दो वाहन जल चुके थे. बाद में फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया और हालात सामान्य किए गए.

16 लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर

जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि युवक और युवती पहले से एक-दूसरे को जानते थे. विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच हिंसक टकराव हुआ. पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ बलवा समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में काउंटर एफआईआर दर्ज की है. इस मामले में करीब 16 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं- जबलपुर में गोल्ड लोन के नाम पर बैंक से ठगी! नकली सोना गिरवी रखकर 43 लाख का लगाया चूना, 15 के खिलाफ FIR दर्ज

Exit mobile version