‘मुस्कान…प्रियंका…सोनम’ ने मीठी-मीठी बातें करके युवकों से ठगे पैसे, पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो खुला ‘ड्रीम गर्ल’ का राज
आरोपी रत्नेश
Damoh Crime News: साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म “ड्रीम गर्ल ” में आयुष्मान खुराना ‘पूजा’ बनकर लोगों को अपनी आवाज़ का दीवाना बनाते थे. एक ऐसा ही मामला दमोह से सामने आया है. यहां ‘ड्रीम गर्ल’ नहीं, ‘फ्रॉड गर्ल’ का ऐसा खेल चला कि प्यार की जगह लोगों की जेब खाली हो गई. यहां ‘मुस्कान’ बनकर घंटों इश्क लड़ाया गया, शादी के सपने दिखाए गए और फिर एक-एक कर युवकों से वसूली होती रही. लेकिन जब सच सामने आया तो हर कोई दंग रह गया क्योंकि ‘मुस्कान’ कोई लड़की नहीं, बल्कि एक लड़का निकला.
क्या है पूरा मामला?
जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के बैलवाड़ा गांव का रहने वाला रत्नेश सिंह गोंड़, जिस पर आरोप है कि वह मोबाइल पर अपनी पहचान छिपाकर खुद को “मुस्कान” बताता था. प्यार-मोहब्बत की मीठी आवाज़, प्यार भरी बातें और शादी के सुनहरे सपने दिखाकर युवकों को ठगता था.
‘मुस्कान’ ने खुद को बताया नर्स
बहेरिया गांव के बिट्टू गोंड़ को भी मुस्कान से इश्क हो गया. फिर बिट्टू मुस्कान के इसी जाल में फंसता चला गया. “मुस्कान” ने खुद को सर्रा उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ नर्स बताया. प्यार का भरोसा दिलाया, शादी का वादा किया और फिर अलग-अलग बहाने बनाकर पैसों की मांग शुरू हो गई. इश्क में अंधे बिट्टू ने बिना शक किए रकम भेजनी शुरू कर दी.
जब शक हुआ तो बिट्टू तेंदूखेड़ा थाने पहुंचा. पुलिस से शिकायत की और फिर पुलिस ने खुफिया जांच शुरू की. मोबाइल लोकेशन से जब पुलिस बैलवाड़ा गांव पहुचीं तो मुस्कान नहीं बल्कि रत्नेश मिला. फोन जब्त किया तो नंबर की परतें खुलीं तो सामने आया ऐसा सच जिसने सबको हैरान कर दिया. ‘मुस्कान’ के पीछे कोई युवती नहीं, बल्कि रत्नेश सिंह गोंड़ था,जिसकी मीठी आवाज ने सभी को अपना दीवाना बनाकर रखा था.
आरोपी ने बतायी पूरी कहानी
जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि यह कहानी सिर्फ एक लड़के तक सीमित नहीं है. पुलिस को ऐसे कई और पीड़ितों की जानकारी मिली है, जिनमें बांदीपुरा गांव का एक युवक भी शामिल है. आशंका है कि रत्नेश ने ‘मुस्कान’ ‘प्रियंका’ ‘सोनम’ सहित अनगिनत नाम रखकर कई लोगों से ठगी की है.
ये भी पढ़ें: दमोह में लव जिहाद! हिंदू बनकर पहले प्यार के जाल में फंसाया, लड़की के मना करने पर किया हंगामा, केस दर्ज
पुलिस मामले की जांच में जुटी
फिल्मों में ‘ड्रीम गर्ल’ लोगों का मनोरंजन करती है लेकिन दमोह की यह ‘मुस्कान’ कथित तौर पर लोगों की भावनाओं से खेलकर उनकी जेब खाली करती रही. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस इश्क के जाल में कितने लोग धंसते चले गये और आखिर ठगी की रकम कितनी है.
टीआई सरोज ठाकुर ने बताया कि आरोपी रत्नेश गौंड़ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है. उक्त आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है.जिससे पूछताछ जारी है.