Vistaar NEWS

इटारसी रेलवे स्टेशन पर खाने में दी जा रही थीं सड़ी सब्जियां, खाद्य विभाग ने गंदगी से चल रहे 3 किचन पर की छापेमारी

The Food Department conducted a raid at Itarsi Railway Station.

इटारसी रेलवे स्टेशन पर खाद्य विभाग ने छापेमारी की.

Input- -राजवर्धन बल्दुआ

MP News: नर्मदापुरम के इटारसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. स्थानीय प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने रेलवे के बारह बंगला क्षेत्र में संचालित तीन किचनों पर छापा मारकर भारी अनियमितताएं पकड़ीं. जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि बेहद गंदगी और अस्वच्छ वातावरण में भोजन तैयार किया जा रहा था. बड़ी मात्रा में सड़े हुए आलू, खराब सब्जियां, समोसे, चावल और अन्य खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया.

तीनों किचन साथ परिसर सील किया

कार्रवाई नर्मदापुरम के अपर कलेक्टर (एडीएम) के नेतृत्व में की गई. टीम ने राहुल इंटरप्राइजेज, अतुल अवस्थी और होटल धर्मराज के किचनों का निरीक्षण किया. जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन और अनहाइजीनिक स्थिति मिलने पर तीनों किचनों के साथ उनके प्रेमिसेस (परिसर) भी तत्काल सील कर दिए गए. निरीक्षण के दौरान करीब 100 लीटर ग्रेवी, 200 किलो सब्जियां, 1,500 समोसे, 250 किलो आलू और 30 किलो चावल समेत बड़ी मात्रा में दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई. जांच में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का सरकारी नमक भी बड़ी मात्रा में मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है. प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि सरकारी राशन का नमक इन किचनों तक कैसे पहुंचा.

जांच के लिए 5 सैंपल लिए

खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों से अमानक एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के पांच नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं. सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं. रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें: दतिया में कांग्रेस की नया दांव! एकजुटता द‍िखाने की कोशिश, 7 दिन बाद मैदान में उतरे अवधेश नायक

Exit mobile version