दतिया में कांग्रेस की नया दांव! एकजुटता द‍िखाने की कोशिश, 7 दिन बाद मैदान में उतरे अवधेश नायक

Datia by-election:दत‍िया उपचुनाव में कांग्रेस अपने पुराने और रुठे नेताओं को मनाने में जुट गई हैं. इसी कड़ी में अब अवधेश नायक भी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं.
Avdhesh Nayak

Datia by-election: दतिया विधानसभा उपचुनाव में सियासी मुकाबला अब तेज होता नजर आ रहा है. टिकट वितरण के बाद से नाराज चल रहे कांग्रेस नेता अवदेश नायक आखिरकार एक हफ्ते बाद चुनाव प्रचार में एक्‍ट‍िव हो गए हैं. उनके मैदान में उतरने से कांग्रेस को चुनावी अभियान में नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. पार्टी अब इस मैसेज को देने की कोशिश कर रही है कि चुनाव के समय सभी नेता एकजुट होकर मैदान में हैं.

दरअसल, टिकट घोषित होने के बाद अवदेश नायक सार्वजनिक कार्यक्रमों और प्रचार अभियान से दूर थे. इससे राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं.

माना जा रहा था कि टिकट नहीं मिलने की नाराजगी के चलते उन्होंने कुछ समय के लिए खुद को प्रचार से अलग रखा. हालांकि अब उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी अभियान शुरू कर दिया है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ा है.

पूरी ताकत लगा रही भारतीय जनता पार्टी

दूसरी ओर भाजपा भी इस उपचुनाव को प्रतिष्ठा का चुनाव मानते हुए पूरी ताकत झोंक रही है. पार्टी के प्रदेश प्रभारी और वरिष्ठ नेता लगातार दतिया में डेरा डालकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं. बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के साथ कार्यकर्ताओं की बैठकें और जनसंपर्क अभियान तेज कर दिए गए हैं. बीजेपी की कोशिश है कि प्रचार अभियान के जरिए मतदाताओं तक अपनी योजनाओं और संगठन की मजबूती का संदेश पहुंचाया जाए.

दत‍िया का मुकाबला हुआ दिलचस्‍प

दत‍िया में दोनों राजनीतिक दलों की बढ़ती सक्रियता से दतिया उपचुनाव का मुकाबला और दिलचस्प होता जा रहा है. कांग्रेस जहां अंदरूनी मतभेद खत्म होने का संदेश देने में जुटी है, वहीं भाजपा संगठन की ताकत और चुनावी प्रबंधन के सहारे बढ़त बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है.

आने वाले दिनों में दोनों दलों के सीन‍ियर नेताओं के दौरे, जनसभाएं और रोड शो चुनावी माहौल को और गर्मा सकते हैं. ऐसे में दतिया उपचुनाव अब केवल स्थानीय नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीति के लिहाज से भी अहम मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है.

ये भी पढ़ें: Mohan Cabinet Decisions: एमपी में UCC प्रस्ताव को मिली मंजूरी, मोहन यादव की कैबिनेट बैठक में इन फैसलों पर लगी मुहर

ज़रूर पढ़ें