नवविवाहित जोड़े ने जहर खाकर जान दी, पन्ना में सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल सका
पन्ना में पति-पत्नी की मौत के बाद शवों को पोस्टमार्टम हाउस लाया गया.
Input- सौरभ
MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. धरमपुर थाना क्षेत्र के भखुरी गांव में एक नवविवाहित जोड़े ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान दोनों की ही मौत हो गई. इस दोहरे सुसाइड से हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं.
चीखने-चि्लाने की आवाज आने पर परिजन कमरे में पहुंचे
घटना शनिवार की रात करीब 8 बजे पूरे परिवार ने एक साथ बैठकर हंसी-खुशी खाना खाया था. इसके बाद 25 वर्षीय सागर यादव और उसकी 23 वर्षीय पत्नी श्याम कली अपने कमरे में सोने चले गए. लेकिन कुछ ही देर बाद कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने और उल्टियां करने की आवाजें आने लगीं. परिजन जब कमरे में पहुंचे तो दोनों की हालत बेहद खराब थी. आनन-फानन में दोनों को अजयगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन बदकिस्मती से पत्नी श्याम कली ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि पति सागर की मौत जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई.
पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है
सागर चार बहनों का इकलौता भाई था और दोनों की शादी को महज 3 साल ही हुए थे. थाना प्रभारी अनिल राजपूत के मुताबिक मर्ग कायम कर पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है. दोनों शवों का आज पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. आखिरकार इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह क्या थी, यह तो पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा.
ये भी पढे़ं: शॉप से लाखों की अंग्रेजी शराब चुराई, फिर दुकान के पास बैठकर जाम लड़ाए; बड़वानी में CCTV कैमरे में कैद तस्वीरें