अंधविश्वास ने ली महिला की जान, सांप के काटने पर परिजन घंटो झाड़-फूंक में उलझे, अस्‍पताल पहुंचने पर मौत

MP News: एक महिला को घर में पुताई करते समय सांप ने डस लिया था. ऐसे में परिजन उसे अस्‍पताल लेकर जाने के बजाय झाड़ फूंक करने में लग गए, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई.
symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

MP News: मध्‍य प्रदेश के पन्ना से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. एक महिला को घर में पुताई करते समय सांप ने डस लिया था. ऐसे में परिजन उसे अस्‍पताल लेकर जाने के बजाय झाड़ फूंक करने में लग गए, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. महिला की मौत के बाद उसे अस्‍पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. पूरा मामला पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के नरगी गांव का बताया जा रहा है.

घर की सफाई के दौरान सांप ने डंसा

इस घटना में मृतक महिला की पहचान 60 वर्षीय चंदा बाई लोधी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, महिला दिवाली के पहले अपने घर की साफ-सफाई का काम कर रही थी. इसी दौरान शुक्रवार को चंदा बाई घर की पुताई कर रही थी. अचानक उन्‍हें एक जहरीले सांप ने काट लिया. इस बात की जानकारी मिलने पर घर में हड़कंप मच गया, परिवार के लाेग चंदा बाई को अस्‍पताल लेकर जाने के बजाय घंटो तक झाड़-फूंक के फेर में उलझे रहे. इसी समय महिला की हालत और बिगड़ गई.

घंटो तांत्रिक के पास लेकर बैठे रहे परिजन

सांप के काटने के बाद परिजनों ने पहले खुद उसकी पुष्ट‍ि करने की कोश‍िश की. महिला को नीम की पत्ती खिलाकर उसका टेस्‍ट किया और स्‍वाद कड़वा नहीं होने पर जहर फैलने की पुष्ट‍ि की गई. महिला को परिजन अस्‍पताल नहीं ले गए, बल्कि उसे उमरिया गांव के एक तांत्रिक के पास लेकर गए.

तांत्रिक ने घंटो तक तांत्रिक क्रियाएं की. इससे कोई फायदा नहीं मिला और चंदा देवी की हालत और खराब हो गई. परिजन हालत खराब होने पर अमनगंज के सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र लेकर गए. वहां चंदा देवी को पन्ना अस्‍पताल रेफर कर दिया, जहां चंदा देवी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

पुलिस प्रशासन ने की अपील

पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसका पोस्‍टमार्टम कराया. पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास में ना फंसे और ऐसी घटनाओं पर तुरंत अस्‍पताल में दिखाएं. प्रशासन ने कहा कि सर्पदंश जैसी आपात स्थिति में झाड़-फूंक और तांत्रिक जैसे चक्करों में न पड़े, इससे घायल की जान जा सकती है.

ज़रूर पढ़ें