Vistaar NEWS

जबलपुर की हिरन नदी में अवैध रेत खनन, प्रशासन ने की कार्रवाई, दो जेसीबी जब्त, ऑपरेटर्स से की जा रही पूछताछ

Jabalpur illegal sand mining in hiran river

जबलपुर: हिरन नदी में अवैध रेत खनन का मामला

MP News: जबलपुर में रेत माफिया अब बेलगाम हो गए हैं. नर्मदा नदी के साथ-साथ अब सहायक नदियों पर भी रेत माफिया की नजरे गड़ चुकी हैं. जबलपुर की तमाम सहायक नदियों में रेत खनन लगातार किया जा रहा है. इसी कड़ी में सूचना पर जिला प्रशासन की टीम ने हिरन नदी में रेत उत्खनन करने वालों पर छापा मार कार्रवाई की. बड़ी संख्या में रेत का परिवहन करने वाले वाहनों और रेत भंडारण को जब्त किया है.

टीम ने दो जेसीबी जब्त की

खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्ती से रोक लगाने के कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार सिहोरा अनुभाग के अंतर्गत पोंडा तहसील के ग्राम खिन्नी में खनिज, राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर हिरन नदी से रेत के अवैध उत्खनन करते पाये जाने पर दो जेसीबी, एक दस चक्का हाइवा और एक ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया है. वहीं, मौके से दोनों जेसीबी मशीनों के ऑपरेटरों को भी पकडा लिया गया है.

जेसीबी ऑपरेटर्स से की जा रही पूछताछ

अनुविभागीय राजस्व अधिकारी सिहोरा ज्योति परस्ते ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसीलदार ललित ग्वालवंशी और खनिज निरीक्षक शिवपाल चौधरी ने हिरन नदी से रेत के अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर पोंडा तहसील के ग्राम खिन्नी में औचक कार्यवाही कर मौके से दो जेसीबी मशीन, रेत से आधा भरा हुआ एक दस चक्का हाइवा और रेत से भरी हुई एक ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया गया. रेत के अवैध उत्खनन में प्रयुक्त इन वाहनों को गोसलपुर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया. कार्रवाई के दौरान रेत का अवैध उत्खनन करते पाये जाने पर दोनों जेसीबी के ऑपरेटर मोहम्मद रहमान उर्फ मोहम्मद रियाज मंसूरी तथा मोहित बर्मन पिता रंजीत बर्मन को पकड़ कर गोसलपुर थाने में पूछताछ की जा रही है.

ये भी पढ़ें: 40 लाख की नौकरी छोड़ किसान बने जबलपुर के शिवेंद्र, नेट फार्मिंग से हर सीजन में कमा रहे 3-4 लाख रुपये

गाड़ियों के मालिक का पता लगाया जा रहा

तहसीलदार पोंडा ललित ग्वालवंशी के मुताबिक पूछताछ के दौरान एक जेसीबी के आपरेटर मोहम्मद रियाज मंसूरी पुलिस को बताया कि खिन्नी में हिरन नदी से रेत का अवैध उत्खनन चन्नोटा निवासी बलराम ऊर्फ गोलू सिंह द्वारा कराया जाता है. वहीं जेसीबी ऑपरेटरों ने एक जेसीबी मशीन अरुण प्रताप भदौरिया ऊर्फ सोनू भदौरिया निवासी चन्नोटा तथा दूसरी जेसीबी पनागर के शुभम पटेल की होना बताई है. कार्रवाई में जब्त दस चका हाइवा के मालिक का पता लगाया जा रहा है.

अनुविभागीय राजस्व अधिकारी सिहोरा ने बताया कि रेत के अवैध उत्खनन के इस प्रकरण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है तथा वैधानिक कार्यवाही के लिये खनिज विभाग के माध्यम से कलेक्टर न्यायालय को प्रेषित किया जाएगा.

Exit mobile version