Jabalpur New Flight Service: जबलपुर वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब जबलपुर से कोलकाता के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही है. एलाइंस एयर ने इस नई सेवा का शेड्यूल जारी कर दिया है. 8 अगस्त से जबलपुर कोलकाता डायरेक्ट फ्लाइट की शुरुआत होगी. इस नई सेवा से हवाई यात्रियों को सप्ताह में 3 दिन सुविधा मिलेगी. अब कोलकाता जाने के लिए यात्रियों को भोपाल या दिल्ली का लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. सीधी उड़ान से समय की भी बचत होगी और सफर भी आसान हो जाएगा.
एलाइंस एयर ने फ्लाइट का जारी किया शेड्यूल
जबलपुर से कोलकाता फ्लाइट मिलने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. सांसद आशीष दुबे ने इस नई सेवा को शुरू कराने में अहम भूमिका निभाई है. उन्होंने हाल ही में एलायंस एयर के अध्यक्ष अमित कुमार से मुलाकात कर जबलपुर की कनेक्टिविटी को लेकर चर्चा की थी. यह नई हवाई सेवा सिर्फ सफर को आसान नहीं बनाएगी. इससे जबलपुर और पूरे महाकौशल क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, इलाज और पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा.
कोलकाता जैसे बड़े व्यापारिक केंद्र से सीधा जुड़ाव होने से स्थानीय उद्योगों को नए बाजार मिलेंगे. छात्रों को पढ़ाई के लिए और मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सीधी सुविधा उपलब्ध होगी. पर्यटक भी अब आसानी से जबलपुर के प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच सकेंगे.
प्रदेश के रीवा को भी मिली बड़ी सौगात
इसी तरह एमपी के रीवा को भी बड़ी सौगात मिली है. अब रीवा से सीधे कोलकाता और भोपाल के लिए हवाई सेवा शुरू होने जा रही है. उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से कर इस नई सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया. यह नई 72 सीटर विमान सेवाएं 9 अगस्त से शुरू होंगी.
ये भी पढ़ें:दतिया की हार के बाद बीजेपी का बड़ा एक्शन, हेमंत खंडेलवाल ने जिले की पूरी संगठनात्मक इकाई को किया भंग
