Panna Diamond News: पन्ना में मजदूराें की किस्मत उस समय चमक उठी, जब उसे एक निजी खदान में खुदाई के दौरान 17 कैरेट का नायाब हीरा मिला. हीरा मिलने के बाद उसे पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में जमा कराया गया है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस बेशकीमती हीरे की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि यह हीरा उज्ज्वल जेम्स क्वालिटी का है.
यह नायाब हीरा पन्ना जिले के सरकोहा क्षेत्र में स्थित एक निजी खदान में मजदूरी के दौरान अखिलेश पाल को मिला. हीरा मिलने की खबर सामने आने के बाद इलाके में खुशी का माहौल है. हीरे को नियमानुसार पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है, जहां इसकी नीलामी की प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हीरे में कुल 7 लोग पार्टनर
जानकारी के मुताबिक, इस हीरे में कुल 7 लोग पार्टनर हैं. निजी खदान में खुदाई के दौरान मिले इस हीरे को देखकर मजदूर अखिलेश पाल और उसके साथियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. इसके बाद सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए हीरे को हीरा कार्यालय में जमा कराया गया.
बेशकीमती हीरों की सूची में शामिल
पन्ना लंबे समय से अपने बेशकीमती हीरों के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है. यहां आए दिन खदानों में काम करने वाले मजदूरों की किस्मत चमकती है और उन्हें खुदाई के दौरान छोटे-बड़े आकार के हीरे मिलते हैं. अब 17 कैरेट का यह नायाब हीरा भी पन्ना की हीरा खदानों से निकलने वाले बेशकीमती हीरों की सूची में शामिल हो गया है.
पार्टनरों को मिलेगी नियमानुसार राशि
हीरा कार्यालय में जमा किए गए इस हीरे की गुणवत्ता और कीमत का अंतिम आकलन विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा. इसके बाद नियमानुसार इसकी नीलामी कराई जाएगी. नीलामी से मिलने वाली राशि में से सरकारी रॉयल्टी और अन्य निर्धारित शुल्क काटने के बाद शेष राशि संबंधित पार्टनरों को नियमानुसार दी जाएगी.
ये भी पढे़ं- पन्ना में एक और मजदूर की किस्मत चमकी! 30 लाख की कीमत का हीरा मिला
