Panna: शाहनगर में महज 120 रुपये के मोबाइल कवर को लेकर हुआ विवाद अब चर्चा का विषय बन गया है. जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन मंगाए गए मोबाइल कवर में डिफेक्ट होने पर एसडीएम रामनिवास चौधरी और डिलीवरी बॉय विजय कुशवाहा के बीच कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डिलीवरी बॉय विजय कुशवाहा को धारा 151 के तहत शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. घटना शाहनगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है. वहीं, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोग पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
वायरल हो रहे वीडियो में कर्मचारी कहता हुआ नजर आ रहा है कि सर पार्सल में कंपनी की शील लगी हुई और वह पूरी तरह से पैक है. अगर आपने दो फोन कवर ऑर्डर किए थे और पार्सल में एक निकला है तो आप कंपनी में रिटर्न या फिर रिफंड का ऑर्डर लगाकर शिकायत दर्ज करा दीजिए. आपका पैसा वापस मिल जाएगा लेकिन अधिकारी ने गाली गलौच करते हुए डिलीवरी बॉय से ही पैसे मांगे और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया.
लोग कर रहे जमकर कमेंटबाजी
इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर एसडीएम के खिलाफ जमकर कमेंटबाजी कर रहे है. फेसबुक पर मुकेश सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा कि ‘जिले के वरिष्ठ अधिकारी चुप क्यों हैं कलेक्टर महोदय को संज्ञान लेकर जांच कराना चाहिए और एसडीएम को तत्काल निलंबित करना चाहिए यदि आपका सामान पेक मिला है तो डिलेवरी बाय की कोई गलती नहीं है एसडीएम साहब को कंपनी पर कैश करना चाहिए.’
ये भी पढे़ं- Bhopal: 48 घंटे के लिए भोपाल मेट्रो पर लगा ब्रेक, CMRS टीम की ‘ओके’ रिपोर्ट के बाद जारी होगा नया शेड्यूल
