MP News: 21 जून को जबलपुर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
MP News: लंबे अरसे के इंतजार के बाद देश के महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जबलपुर आगमन हो रहा है. रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की 36 वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने जा रही हैं. 21 जून को आयोजित दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे. यह पल रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है जिसकी तैयारी में विश्वविद्यालय प्रशासन से लेकर जबलपुर प्रशासन तक जुट गया है.
20 साल बाद राष्ट्रपति को दौरा
करीब 20 साल बाद यह मौका आ रहा है जब देश के राष्ट्रपति विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इसके पहले साल 2006 में आयोजित दीक्षांत समारोह में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम शामिल हुए थे. इसके बाद अब यह मौका फिर आया है, जब देश के महामहिम राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में शिरकत करने जा रहे हैं. इसके लिए रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय कई महीनो से तैयारी कर रहा था, लेकिन राष्ट्रपति कार्यालय से हरी झंडी न मिलने की वजह से कार्यक्रम में रुकावट आ रही थी लेकिन अब विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से राष्ट्रपति को आमंत्रण भेजा गया था.
21 जून को आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुमू
अब आमंत्रण को राष्ट्रपति कार्यालय ने स्वीकृति दे दी है और 21 जून की तारीख को तय किया है. विश्वविद्यालय की दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल मंगू भाई पटेल करेंगे. वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. राष्ट्रपति भवन की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के विश्वविद्यालय प्रवास के लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है.
दीक्षांत समाराेह के लिए विद्यर्थियों के लिए रिहर्सल
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय इस दीक्षांत समारोह में 141 छात्र-छात्राओं को कुल 240 स्वर्ण पदक देने जा रहा है. इसके अलावा 182 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी. समारोह में तीन डी. लिट एक डीएससी और एक मानक उपाधि भी प्रदान किए जाने का प्रस्ताव है. कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है.
दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए सभी पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए रिहर्सल में शामिल होना अनिवार्य किया गया है. विश्वविद्यालय के अनुसार 18 और 19 जून को सुबह 11:00 से शाम 5:00 बजे तक रिहर्सल आयोजित की गई है. 20 जून को सभी विद्यार्थियों को पूर्णगणवेश में उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है.
ये भी पढे़ं- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं राष्ट्रपति, तैयारियों में जुटा प्रशासन