Sagar Liquor Tragedy: सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है. खबर है कि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है. राज्य सरकार ने एक्शन लेते हुए इस मामले में तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. वहीं, सस्पेंड अधिकारी कीर्ति दुबे ने कहा कि मैं अपना काम ठीक से कर रही हूं.
‘बैठक में डेटा पेश करेंगे’
जहरीली शराब मामले में जब सस्पेंड आबकारी अधिकारी से जबावदेही पर सवाल पूछा गया तो वे अपने आप का बचाव करती नजर आईं. जब उनसे पूछा गया कि आप पर कार्रवाई की गई है. इस पर उन्होंने कहा कि आदेश आ जाए, इसके बाद आपको कंफर्म कर देंगे. उनसे जिम्मेदारी की बात की गई तो अफसर ने कहा कि डिप्टी सीएम के साथ मीटिंग होने वाली है. उसमें डेटा पेश करेंगे. हमने क्या-क्या कार्रवाई की है. गलत होने की बात पर कहा कि हम अपना काम सही तरीके से कर रहे हैं.
आगे उन्होंने कहा कि जितने वृत्त प्रभारी थे सभी अपना काम कर रहे थे. कई बार होता है कि इस तरह की सूचना नहीं मिल पाती है. पुलिस से हमारा डिस्कशन था कि इनपुट था या नहीं, वे भी नहीं बता रहे हैं. यदि कोई जनप्रतिनिधि हम तक बात पहुंचाता है तो क्या हम कार्रवाई नहीं करेंगे? इस बारे में कोई शिकवा-शिकायत नहीं थी. जब उनसे पूछा गया कि ये कैसा हुआ तो, उनका कहना था कि कोई आकर कर जाए तो कैसे पता चलेगा. जो हम बेहतर कर सकते हैं वो सब कुछ किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: Sagar Liquor Tragedy: सागर के जहरीली शराब मामले में राज्य सरकार का बड़ा एक्शन, तीन अधिकारी सस्पेंड
‘गांव-गांव जाकर स्क्रीनिंग की जा रही है’
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल का कहना है कि अभी तक 10 लोगों की मौत हुई है. जिला अस्पताल और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में बाकी लोगों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. 10-11 गांव में लगातार स्क्रीनिंग की जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि हमारी प्राथमिकता है, लोगों को आईडेंटिफाई करें और उनका उपचार प्रदान करें. जिला पुलिस लगातार इन्वेस्टिगेशन कर रही है जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कार्रवाई करेंगे.
