Sagar News: मध्यप्रदेश के सागर से बड़ी खबर आ रही है. दरअसल, यहां के खुरई रोड स्थित भैंसा वेयरहाउस में सामान से भरे हुए ट्रक में जहरीला सांप मिला. जिसके बाद अफरा तफरी मच गई. ट्रक भोपाल रोड से सामान लेकर वेयरहाउस पहुंचा था तभी बड़ा कांड हो गया.
यह है पूरा मामला
दरअसल जब ट्रक वेयरहाउस ट्रक खड़ा करने के बाद हेल्पर पाना-पेंचकस निकालने के लिए डिक्की की तरफ गया. जैसे ही उसने डिक्की खोली, अंदर सांप की पूंछ दिखाई दी. अचानक सांप देखकर हेल्पर के होश उड़ गए. वह तुरंत ट्रक से नीचे उतर आया और ड्राइवर को भी बाहर बुला लिया.
डिक्की में छिपी थी नागिन
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस डिक्की में नागिन छिपी थी, उसके ठीक ऊपर कुछ समय पहले हेल्पर बैठा हुआ था. अगर डिक्की खोलते समय सांप अचानक हमला करता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. हेल्पर ने बिना कोई जोखिम लिए तत्काल स्नेक कैचर को सूचना दी.
ढाई फीट की नागिन का सुरक्षित रेस्क्यू
स्नेक कैचर अकील बाबा ने बताया कि उन्हें ऋषभ जैन की ओर से ट्रक की डिक्की में सांप होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने के बाद काफी सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. मशक्कत के बाद करीब ढाई फीट लंबी नागिन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. स्नेक कैचर के मुताबिक कोबरा बेहद जहरीला सांप होता है. इसके काटने पर समय पर उपचार नहीं मिलने से जान का खतरा हो सकता है. इस घटना में राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू से पहले नागिन ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया.
