Vistaar NEWS

Sagar: अब पार्क में टहलना हुआ लग्जरी, देनी पड़ेगी फीस, जानिए कितनी..

sagar

सागर

Sagar: शहर के खेल परिसर में इंडोर और आउटडोर खेल प्रशिक्षण केंद्रों के लिए जिला खेल विभाग ने 1 अगस्त से नई मासिक मेंटेनेंस शुल्क सूची जारी की है.इसमें मार्निंग वॉक के लिए 500 रुपए पंजीयन शुल्क और 300 रुपए मासिक मेंटेनेंस शुल्क तय किया गया है.वॉक के लिए 300 रुपए मासिक शुल्क तय होने पर शहरवासियों ने आपत्ति जताई.उनका कहना है कि आम नागरिकों के लिए यह शुल्क काफी ज्यादा है.

विधायक ने खेल अधिकारी से की मुलाकात

मामले को लेकर सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने जिला खेल अधिकारी शर्मिला डाबर से मुलाकात की.विधायक ने प्रस्तावित शुल्क को लेकर कहा कि नागरिकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं पड़ना चाहिए और शुल्क को न्यूनतम और सामान्य रखा जाना चाहिए.

विधायक जैन ने सुझाव दिया कि 500 रुपए पंजीयन और 300 रुपए मासिक शुल्क के स्थान पर इसे 200 रुपए पंजीयन और 200 रुपए मासिक किया जाए.उन्होंने कहा कि खेल परिसर में खिलाड़ियों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं.उनके रखरखाव के लिए न्यूनतम शुल्क उचित है, लेकिन यह इतना अधिक न हो कि लोगों को बोझ लगे.

वरिष्ठ नागरिकों को छूट पर विचार

विधायक जैन ने कहा कि खेल परिसर का उपयोग बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक सुबह-शाम वॉक के लिए करते हैं.उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को प्रस्तावित शुल्क से मुक्त रखने पर विचार करने को कहा.उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित वॉक केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है.उन्हें शुल्क से मुक्त रखने से वे बिना किसी अतिरिक्त बोझ के परिसर का उपयोग कर सकेंगे.

ये भी पढ़ें:‘आधी रात तुर्की में बदला व‍िमान…’,डोनाल्‍ड ट्रंप की जान को था खतरा, ऐसे रचा गया पूरा सीक्रेट ऑपरेशन

Exit mobile version