Vistaar NEWS

Sagar Liquor Tragedy: सागर के जहरीली शराब मामले में राज्य सरकार का बड़ा एक्शन, तीन अधिकारी सस्पेंड

sagar toxic liquor case; three officials suspended

सागर: जहरीली शराब मामले में तीन अधिकारी सस्पेंड

Sagar News: सागर में जहरीली शराब मामले में राज्य सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. इनमें आबकारी सहायक आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा सर्किल के आबकारी उप निरीक्षक प्रोशनी उरेती शामिल हैं. इसके साथ ही उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है. वहीं, बंडा और गूगरा चौकी प्रभारी को भी निलंबित कर दिया गया है.

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

दरअसल, सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है. कई गंभीर लोगों का इलाज जारी है. इस पूरे मामले में यूपी के ललितपुर के शराब गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नकली शराब बनाकर सागर में सप्लाई की जाती थी. इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया का कहना है कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही इस गिरोह के सरगना तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

‘किसी को बख्शा नहीं जाएगा’

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने इस पूरे मामले में कहा कि जो भी इस घटनाक्रम में दोषी होंगे उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. किसी को बख्शा नहीं जाएगा. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है. कई दुकानें सील की गई हैं. कहां शराब बनाई जा रही है? कहां से सप्लाई की जा रही है? इसकी जड़ तक जाकर कार्रवाई करेंगे. कोई छूटेगा नहीं. कांग्रेस के इस पूरे मामले में सवाल खड़े करने पर उन्होंने कहा कि वे अपना काम कर रहे हैं, सरकार अपना काम कर रही है.

कठोर कार्रवाई की जाएगी – CM

सागर में जहरीली शराब पीने से मौतों के मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके मुख्यमंत्री ने लिखा कि सागर में जहरीली शराब से हुई अप्रिय घटना को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं. घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. ऐसी घटनाओं को सरकार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी.

ये भी पढ़ें: सागर शराब कांड में प्रशासन का बड़ा एक्शन, यूपी कनेक्शन सामने आने बाद 12 गिरफ्तार

मेडिकल कॉलेज के बाहर बढ़ाई सुरक्षा

जहरीली शराब से तबीयत बिगड़ने के बाद लोगों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. कॉलेज के बाहर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिसबल को तैनात किया गया है. अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सुरक्षा को चाक-चौबंद किया गया है.

Exit mobile version