Input- सौरभ
MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व (PTR) में वन्यजीव प्रेमियों और वन विभाग को झकझोर देने वाली एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. किशनगढ़ कोर रेंज के तहत बृजपुरा बीट के दुर्गम पहाड़ी इलाके में शनिवार को गश्ती दल को एक वयस्क नर बाघ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. पिछले महज तीन महीनों के भीतर इस पीटीआर में बाघ की मौत की यह तीसरी बड़ी घटना है, जिसने पार्क प्रबंधन की सुरक्षा और निगरानी प्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है.
प्राकृतिक मौत माना जा रहा है
उप संचालक बीरेंद्र कुमार पटेल के मुताबिक मृत बाघ के सभी अंग पूरी तरह सुरक्षित हैं. शरीर पर आपसी संघर्ष या चोट के कोई निशान नहीं हैं. प्रथम दृष्टया इसे प्राकृतिक मौत माना जा रहा है. इससे पहले गंगऊ में एक बाघ का कंकाल और तारा गांव से रेस्क्यू किए गए रेडियो कॉलर वाले बाघ की मौत हो चुकी है. लगातार हो रही इन मौतों से पीटीआर में हड़कंप मचा हुआ है.
अंतिम संस्कार किया गया
फिलहाल वरिष्ठ अधिकारियों और डॉक्टरों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए सैंपल एकत्र किए गए. इसके बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के दिशा-निर्देशों और तय नियमों के अनुसार सम्मानपूर्वक आज बाघ का अंतिम संस्कार कर दिया गया. मौत के असली कारणों का खुलासा अब फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.
