Vistaar NEWS

बड़वानी के बाद CM मोहन यादव का टीकमगढ़ में एक्शन, जिला पंचायत सीईओ को हटाया, कई अधिकारियों का इंक्रीमेंट रोका

tikamgarh cm mohan Yadav action district panchayat ceo removed

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव

CM Mohan Yadav Action: इन दिनों प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. अब उन्होंने टीकमगढ़ में कार्रवाई की है. जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नवीत कुमार धुर्वे को हटा दिया गया है. धुर्वे 2018 बैच के IAS अधिकारी हैं. इससे पहले सीएम ने बड़वानी में शासकीय कार्यों में लापरवाही को लेकर 7 अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की थी.

कई अधिकारियों के इंक्रीमेंट रोके गए

दरअसल, मध्य प्रदेश सरकार ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ चला रही है. ये 7 अगस्त को शुरू हुआ था जो अगले साल यानी 2027 तक चलेगा. इसके तहत शासकीय योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. सीएम मोहन यादव शुक्रवार (21 अगस्त 2026) को टीकमगढ़ पहुंचे. यहां उन्होंने अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा किया.

CM मोहन यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारा मूल काम शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारना है. विकासपरक कार्यों को बढ़ावा देना है. उन्होंने आगे कहा कि लापरवाही के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा. जो अच्छे काम कर रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा. इसके साथ ही कई अधिकारियों के इंक्रीमेंट रोके गए हैं. वहीं, राशन की दुकानों के निरीक्षण में अगर लापरवाही मिलती है तो कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पर कार्रवाई होगी.

देवास ट्रांसफर किया गया

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 32 अधिकारियों का तबादला किया गया. इस लिस्ट में टीकमगढ़ जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे का नाम भी शामिल है. उन्हें देवास जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की पोस्ट पर तैनाती मिली है. वहीं, विशाल धाकड़ को टीकमगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है.

ये भी पढ़ें: Tikamgarh News: बेटी होने की सजा, टीकमगढ़ में 20 दिन की पोती की मौत, दादी पर गला घोंटकर हत्या का आरोप

बड़वानी में 7 अधिकारी-कर्मचारियों पर गिरी थी गाज

सीएम मोहन यादव ने 14 अगस्त को बड़वानी का दौरा किया गया था. इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यों का जायजा लिया. इसके बाद शासकीय कार्यों में लापरवाही को लेकर 7 अधिकारियों और कर्मचारियों पर एक्शन लिया गया. सभी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है.

Exit mobile version