कटनी में नहीं रुक रही चाकूबाजी, गाली देने का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला; गंभीर रूप से घायल
कटनी में चाकूबाजी की घटना में घायल होने के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया.
Input- यश खरे
MP News: कटनी जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों के बीच एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है. रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के मंगल नगर नल के पास शराब के नशे में धुत एक युवक ने मामूली विवाद पर दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
महिलाओं के सामने गाली-गौलाज करने से रोकने पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, कन्हैया गौड़ ने आरोपी रितेश यादव को महिलाओं के सामने कथित रूप से गाली-गलौज करने से रोका था. इसी बात से नाराज होकर रितेश यादव ने चाकू निकालकर कन्हैया पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल कन्हैया को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
इस घटना ने एक बार फिर जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अधीक्षक लगातार अपराधों पर अंकुश लगाने के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद जिले में चाकूबाजी और मारपीट जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.
डॉक्टर के बजाय वार्ड बॉय और स्वीपर ने किया इलाज
वहीं, इस मामले में जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है. आरोप है कि घायल युवक का प्राथमिक उपचार डॉक्टरों के बजाय अस्पताल के वार्ड बॉय और स्वीपर द्वारा किया गया. वार्ड बॉय और स्वीपर ने घायल को टांके लगाते हुए कथित तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसने अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल रंगनाथ नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपी की तलाश की जा रही है.
ये भी पढ़ें: ‘लापता लेडीज’ फेम अभिनेता सतेंद्र सोनी ने मदद के लिए मैहर पुलिस को आभार जताया, रोते हुए शेयर किया था वीडियो