Vistaar NEWS

MP News: BJP संगठन महामंत्री के लिए मध्य प्रदेश को इंतजार, RSS की बैठक से होगा नामों का ऐलान

File Photo

File Photo

MP News: मध्यप्रदेश में यह पहला मौका है, जब भाजपा संगठन महामंत्री पद को लेकर सस्पेंस की स्थिति बनी. नई नियुक्ति के बिना ही वर्तमान पदाधिकारी का दायित्व बदल दिया गया. इसके पहले भी बदलाव के पहले सह संगठन महामंत्री की व्यवस्था रही है. फिलहाल क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के हाथ कमान सौंपी गई है. ऐसी संभावना है कि आगे उन्हें ही कंटीन्यू कर दिया जाए.

यही वजह है कि निवर्तमान संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के उत्तराधिकारी का ऐलान नहीं हुआ. सत्ता-संगठन की निगाहें मार्च में होने वाली संघ की अभा प्रतिनिधि सभा बैठक पर लगी हैं. जानकारों का दावा है कि प्रचारकों की कमी को देखते हुए नई नियुक्ति के आसार कम हैं. इसलिए मप्र में यथास्थिति बनी रह सकती है. कुछ नामों की अटकलें हैं. इनमें भीखू भाई के अलावा मिथिलेश माहेश्वरी, विमल गुप्ता, अनिल अग्रवाल और राजमोहन सिंह अन्य शामिल हैं.

इन राज्यों में भी नहीं हुई नई नियुक्ति

इसके अलावा देश में महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक और गोवा जैसे राज्य हैं, जहां संगठन महामंत्री के बिना ही व्यवस्थाएं चल रही हैं. संघ ने इन राज्यों में भी पद खाली होने के बाद किसी नए प्रचारक की नियुक्ति नहीं की. राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश लगातार इन सभी राज्यों की सांगठनिक मॉनिटरिंग कर रहे हैं.

MP के सभी जिलों की फेरी लगा चुके जामवाल!

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के करीब एक साल पहले जामवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के बतौर मध्य प्रदेश के साथ छत्तीसगढ़ में संगठन का काम देख रहे हैं. जबकि छत्तीसगढ़ में संगठन महामंत्री पद पर पवन साय पहले से ही तैनात हैं. इसलिए जामवाल को पूरी तरह मध्य प्रदेश की देखरेख के लिए कहा जा सकता है. मध्य प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कई मर्तबा उनकी फेरी लग चुकी है.

उपयोगिता के आधार पर नई नियुक्ति का फैसला

मध्य प्रदेश में हमेशा बदलाव के साथ ही तत्काल नई नियुक्ति होती रही है. संगठन, उपयोगिता के आधार पर नई नियुक्ति का निर्णय करता है. व्यवस्थाओं में समय-समय पर बदलाव होता रहता है. हालांकि पिछले दिनों राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष बीजेपी दफ्तर भोपाल में बैठक कर चुके हैं. प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान के साथ उनकी बैठक हुई है. इस बैठक का असर क्या होता है कि आने वाले दिनों में दिखाई देगा.

ये भी पढें: MP News: पुलिस देखते ही फॉर्च्यूनर छोड़कर भागा माफिया, अवैध ड्रग्स फैक्ट्री पर छापेमारी, करोड़ों के केमिकल और उपकरण बरामद

Exit mobile version