MP News: मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत झौरा गांव में आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है. यहां अचानक घर में लगी भीषण आग ने एक परिवार की पूरी जिंदगी को राख में बदल दिया. आग की चपेट में आने से घर में रखा गृहस्थी का सामान, सोने-चांदी के आभूषण और नगदी जलकर खाक हो गए. वहीं घर के बाहर बंधे मवेशी भी आग की लपटों में घिर गए, जिसमें एक गाय और उसके बछड़े की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई.
देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप
जानकारी के मुताबिक ग्राम झौरा निवासी बाबूलाल यादव के मकान में दोपहर के समय अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी. शुरुआत में परिवार कुछ समझ पाता उससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को अपनी जान बचाकर घर से बाहर भागना पड़ा.
जेवर, नगदी और गृहस्थी का सामान जलकर खाक
पीड़ित परिवार ने बताया कि घर के भीतर रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज, सोने-चांदी के आभूषण और करीब 40 से 50 हजार रुपये नगद आग में जल गए. वर्षों की मेहनत से जुटाई गई पूरी गृहस्थी कुछ ही देर में राख में तब्दील हो गई. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
मवेशियों को नहीं बचा पाया परिवार
आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि परिवार घर के बाहर बंधे मवेशियों को भी नहीं खोल पाया. घटना में दो भैंसे बुरी तरह झुलस गईं, जबकि एक गाय और उसके बछड़े की जिंदा जलने से मौत हो गई. गांव वालों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका.
ये भी पढ़ें: गौशाला में लटका ताला! मऊगंज में दाने-दाने को मोहताज हुए बेजुबान, SDM का आदेश भी नहीं माना, जानें क्या है मामला
दमकल ने पाया काबू, प्रशासन से मदद की मांग
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक पूरा मकान और सामान जलकर खाक हो चुका था. फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और राहत की मांग की है.
