Mauganj: नीट पेपर लीक पर मऊगंज में उबाल! कांग्रेस ने शहर में निकाला विशाल मशाल जुलूस

Mauganj: मध्यप्रदेश के नवगठित मऊगंज जिले में नीट पेपर लीक मामले को लेकर जबरदस्त राजनीतिक उबाल देखने को मिला. कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पूरे शहर में मसाल जुलूस निकाला.
Mauganj news

नीट पेपर लीक मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन

Mauganj: मध्यप्रदेश के नवगठित मऊगंज जिले में नीट पेपर लीक मामले को लेकर जबरदस्त राजनीतिक उबाल देखने को मिला. छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर कांग्रेस सड़कों पर उतर आई और पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना के नेतृत्व में शहर में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया. कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर चाक मोड़ तक पहुंचे इस विरोध मार्च में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. पूरे शहर में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो और पेपर लीक माफियाओं पर कार्रवाई करो जैसे नारों की गूंज सुनाई दी.

मेहनत छात्रों की, फायदा माफियाओं का

मशाल जुलूस के दौरान पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश का युवा साल भर कठिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, लेकिन पेपर लीक माफिया उसकी उम्मीदों को चंद मिनटों में बर्बाद कर देते हैं. उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है. बन्ना ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं का भरोसा व्यवस्था से उठा दिया है और कई छात्र मानसिक तनाव में आकर आत्मघाती कदम तक उठाने को मजबूर हो रहे हैं. उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए और पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई हो.

दो किलोमीटर तक मशालों का सैलाब

कांग्रेस कार्यालय से चाक मोड़ तक निकला यह मशाल जुलूस करीब दो किलोमीटर लंबा रहा. हाथों में जलती मशालें और सरकार विरोधी नारों के बीच पूरा माहौल राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया. प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिलाल कोल, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष तिवारी और पूर्व जिला अध्यक्ष पद्मेश गौतम समेत बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे.

महंगाई, बेरोजगारी और ईंधन संकट पर भी घेरा

कांग्रेस नेताओं ने इस प्रदर्शन को सिर्फ नीट पेपर लीक तक सीमित नहीं रखा. मंच से बढ़ती बेरोजगारी, लगातार बढ़ रही महंगाई और पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर भी सरकार पर जमकर निशाना साधा गया. नेताओं ने कहा कि युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, आम जनता महंगाई से परेशान है और सरकार केवल दावे करने में व्यस्त है.

अब नहीं रुकेगी हक की लड़ाई

चाक मोड़ पहुंचकर प्रदर्शन सभा में तब्दील हो गया, जहां कांग्रेस नेताओं ने साफ संदेश दिया कि छात्रों और आम जनता के अधिकारों की यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी. मऊगंज की सड़कों पर निकला यह मशाल जुलूस सिर्फ एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि युवाओं के गुस्से और व्यवस्था के खिलाफ बढ़ते असंतोष की बड़ी तस्वीर बनकर सामने आया.

ये भी पढ़ें: मुझे बहुत ज्यादा घुटन हो रही है मां…’, रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा की मौत से पहले मां से हुई थी बात, चैट वायरल

ज़रूर पढ़ें