मऊगंज की सुरक्षा को मिलेगा सुरक्षा कवच, डेढ़ करोड़ से बन रहा फायर स्टेशन, आगजनी पर तुरंत मिलेगी मदद

Mauganj News: इस स्टेशन के शुरू होने का फायदा सिर्फ मऊगंज शहर को ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों और कस्बों को भी मिलेगा. ग्रामीण इलाकों में अक्सर खेतों में, घरों में या दुकानों में आग लगने की घटनाएं होती हैं. समय पर गाड़ी नहीं पहुंचने से नुकसान बढ़ जाता है. अब नजदीक में ही स्टेशन होने से टीम जल्दी मौके पर पहुंच सकेगी और नुकसान को कम किया जा सकेगा.
mauganj

मऊगंज में फायर स्टेशन

Mauganj News: मऊगंज जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. शहर में एक नए फायर स्टेशन का निर्माण तेजी से चल रहा है. करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस केंद्र के तैयार होने के बाद आग लगने जैसी घटनाओं में तुरंत मदद मिल सकेगी. अभी तक इस तरह की सुविधा के लिए लोगों को दूसरे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे मदद पहुंचने में देर हो जाती थी.

आपात स्थिति में जल्द सुविधा मिलेगी

जिला प्रशासन की कोशिश है कि आपात स्थिति में लोगों को जल्द से जल्द सुविधा मिले. इसी सोच के तहत नगर में इस परियोजना पर काम कराया जा रहा है. निर्माण की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी को सौंपी गई है. कंपनी के इंजीनियर और कर्मचारी दिन-रात काम में जुटे हैं ताकि भवन समय पर पूरा हो सके.

मुख्य भवन के साथ दफ्तर भी बनाया जा रहा

नए परिसर में सिर्फ आग बुझाने वाली गाड़ियों के खड़े होने की जगह ही नहीं होगी. यहां मुख्य भवन के साथ दफ्तर भी बनाया जा रहा है, जहां से पूरे संचालन पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा वाहनों और उपकरणों की देखभाल के लिए मेंटेनेंस शेड भी तैयार किया जा रहा है. इससे गाड़ियां हमेशा तैयार हालत में रहेंगी और किसी भी सूचना पर तुरंत रवाना हो सकेंगी.

आसपास के गांवों को भी मिलेगी मदद

इस स्टेशन के शुरू होने का फायदा सिर्फ मऊगंज शहर को ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों और कस्बों को भी मिलेगा. ग्रामीण इलाकों में अक्सर खेतों में, घरों में या दुकानों में आग लगने की घटनाएं होती हैं. समय पर गाड़ी नहीं पहुंचने से नुकसान बढ़ जाता है. अब नजदीक में ही स्टेशन होने से टीम जल्दी मौके पर पहुंच सकेगी और नुकसान को कम किया जा सकेगा.

प्रशासन का मानना है कि आपदा प्रबंधन को मजबूत करना उतना ही जरूरी है, जितना सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं देना. आग से होने वाली जनहानि और संपत्ति के नुकसान को रोकने के लिए यह स्टेशन अहम भूमिका निभाएगा. इसके साथ ही बाढ़, सड़क हादसे या अन्य आपात स्थिति में भी इस टीम की मदद ली जा सकेगी. जिला प्रशासन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि काम पूरा होते ही यहां प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी और आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि मऊगंज की सुरक्षा व्यवस्था और ज्यादा मजबूत हो सके.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें