Faggan singh kulaste: मध्य प्रदेश की सड़कों का हाल किसी से छिपा नहीं है. आए दिन किसी न किसी जिले से खराब सड़कों की शिकायत सामने आती ही रहती है. जनता ने भी अपने आपको उस हालात में ढाल लिया है. जैसा मिला जो मिला सब ठीक है. लेकिन, नेता भी खराब सड़क के कारण खासे परेशान नजर आ रहे हैं. बस जनता और नेता में अंतर इतना है कि जनता कभी-कभी अपनी शिकायत बता सकती है. लेकिन, सत्ताधारी दल के नेता जी भला किससे शिकायत करें? यह उनके सामने सबसे बड़ी समस्या होती है. ऐसा ही कुछ मंडला जिले कद्दावर नेता फग्गन सिंह कुलस्ते के साथ हुआ है.
मध्य प्रदेश में इस समय भारी बारिश का दौर जारी है, नदी-नाले सब उफान पर हैं. कई जगहों पर तो हालात इतने खराब हैं कि स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है. लेकिन इन हालातों में भी भला लोकार्पण और शिलान्यास काम रोका जा सकता है?
कीचड़ में बुरे फंसे नेता जी
यही वजह है कि मंडला से सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते अपने लोकसभा क्षेत्र के चकदेही ग्राम पंचायत में 60 लाख की लागत से बने सामुदायिक भवन लोकार्पण करने पहुंच गए. गांव में सांसद जी अस्पताल का शिलान्यास करने पहुंचे थे.
स्वास्थ्य ज्यादा जरूरी है तो वहां अस्पताल की सौगात सरकार की तरफ से पहले दी जा रही है. लेकिन, बारिश से बदहाल सड़कों की सुध कोई नहीं ले रहा है. सांसद गांव में पहुंचे तो बारिश के कारण कच्ची सड़क दलदल बन गई. सड़क पर उतरते ही सांसद जी की कार फंस गई. पहले उनकी कार फंसी फिर उनके काफिले की कार भी फंस गई.
कार फंसने के बाद लगा कुछ देर में निकल जाएगी. जैसे ही कार को आगे बढ़ाया वैसे ही वह दूसरे रास्ते बढ़ने लगी. बाद में अधिकारियों ने फंसी हुई गाड़ी को बाहर निकालने की कोशिश की. लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी कार नहीं निकल सकी.
ट्रैक्टर की मदद से कार को निकाला गया बाहर
मुसीबत में फंसे नेता जी की मदद के लिए गांव वालों ने भी हाथ आगे बढ़ाए. आनन-फानन में एक ट्रैक्टर बुलाया गया, फिर उसमें रस्सी बांधकर कार को निकाला गया. इसके बाद वे उस गांव से रवाना हो सके.
हालांकि, बदहाल सड़क को लेकर खुद सांसद जी भी नाराज हो गए. उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए पंचायत से सड़क के लिए प्रस्ताव मांगा है. गांव वालों की मानें तो वे हर साल इसी तरह की समस्याओं का सामना करते हैं. अब उम्मीद नजर आ रही है कि जल्द ही उनको इस समस्या से निजात मिल जाएगी.
ये भी पढ़ें:’72 घंटे में होगी स्वतंत्र की गिरफ्तारी…’, पुलिस ने मानी CJP की मांगें, SC/ST एक्ट भी लगेगा
