मध्‍य प्रदेश से निर्विरोध राज्‍यसभा सांसद चुने गए हरदीप पुरी, राजकुमार लोहानी का पहले ही रद्द हो चुका था नामांकन

Hardeep Puri Rajya Sabha Election: मध्‍य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गए हैं. नाम वापसी की अंतिम समय-सीमा खत्म होते ही निर्वाचन अधिकारी ने नाम की औपचारिक घोषणा कर दी.
Hardeep Singh puri

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी

MP Bypoll Victory Unopposed: मध्‍य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गए हैं. नाम वापसी की अंतिम समय-सीमा खत्म होते ही निर्वाचन अधिकारी ने नाम की औपचारिक घोषणा कर दी. निर्वाचन अधिकारी ने हरदीप सिंह पुरी की अनुपस्थिति‍ में प्रदेश के भाजपा अध्‍यक्ष हेमंत खंडेलवाल को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा है. हरदीप सिंह पुरी के नाम की घोषणा के पहले कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी और एक और निर्दलीय प्रत्याशी कांते सायन्ना के नामांकन निरस्‍त हो चुके हैं.

चुनाव मैदान में भाजपा के प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी ही अकेले उम्मीदवार बचे थे. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अब उत्तर प्रदेश की जगह मध्‍य प्रदेश से राज्यसभा में भाजपा का प्रतिनिधित्व करेंगे. बता दें कि मध्‍य प्रदेश में केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्‍तीफे के बाद सीट खाली हुई थी.

3 नवंबर को रद्द हुए थे दो नामांकन

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा और दो अन्‍य निर्दलीय प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल किया था. इसमें से एक निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी को कांग्रेस पार्टी ने अपना समर्थन दे दिया था. हालांकि 3 नवंबर को दोनों निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने के बाद हरदीप सिंह पुरी की जीत तय ही हो गई थी.

कांग्रेस ने जताई थी आपत्ति

राज्यसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर कांग्रेस ने कई आपत्ति‍यां जताई थी. इन आपत्ति‍यों में पत्नी का नाम न होना, संपत्त‍ि का ब्यौरा भारतीय रुपये में नहीं बल्कि अमेरिकी डॉलर और स्विस फ्रैंक देने के साथ ही नोटरी प्रक्रिया की वैधानिकता को लेकर कई सवाल उठाए थे. वहीं कांग्रेस के इन सभी आरोपों को खरिज करते हुए निर्वाचन अधिकारी ने हरदीप सिंह पुरी का नामांकन मान्‍य और वैध पाया. आज निर्वाचन अधिकारी ने हरदीप सिंह पुरी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया.

ज़रूर पढ़ें