Storm Alert Amid Rising Heat: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को गुरुवार को राहत मिली. आंधी बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. रीवा में तो एक दिन का तापमान 34 डिग्री के नीचे पहुंच गया. मौसम विभाग ने शुक्रवार को 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. हालांकि राजधानी भोपाल, इंदौर समेत कई जिलों में अभी भी गर्मी बनी रहेगी. लगभग 34 जिलों में पारा 40 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है.
इन जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप झेलने के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. आंधी बारिश के कारण तापमान गिरने के बाद लोगों को बड़ी राहत मिली है. शुक्रवार को 21 जिलों में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिले शामिल हैं.
भोपाल-इंदौर-उज्जैन में तापमान 40° के आसपास
हालांकि राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है. उज्जैन में 41 डिग्री, जबलपुर में 40.1 डिग्री और भोपाल- इंदौर में 39.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. मध्य प्रदेश में 30 अप्रैल से बारिश और आंधी का दौर जारी है. लेकिन इसके बावजूद 34 जिलों में अभी भी तापमान बढ़ा रहेगा.
नरसिंहपुर सबसे गर्म और रीवा सबसे ठंडा जिला
मौसम विभाग के मुताबिक 34 डिग्री तापमान के साथ जहां रीवा सबसे ठंडां जिला रहा, वहीं दूसरी ओर नरसिंहपुर 42.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर रहा. इसके अलावा रतलाम में 41.6, धार में 41.3, नर्मदापुरम में 41.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन प्रदेश में बारिश का दौरा जारी रहेगा. हालांकि 11 मई से नया वेदर सिस्टम लागू होगा. इसके बाद पूरे प्रदेश में गर्मी देखने को मिल सकती है.
