Raisen News: नाबालिग रेप पीड़िता की घर में घुसकर हत्या, बचाने आई मां की उंगलियां काटी; केस वापस लेने का दबाव बना रहा था आरोपी
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के नाबालिग रेप पीड़िता की घर में घुसकर हत्या कर दी गई. वहीं बीच बचाव करने आई मां की भी दो उंगलियां काट दी. जिसके बाद मां को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. आरोपी रेप पीड़िता पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था, बात नहीं मानने पर किशोरी की हत्या कर दी. आरोपी मनोज अपहरण और दुष्कर्म के मामले में 2 महीने पहले ही जेल से बाहर आया था.
मां के डांटने के आधे घंटे बाद लौटा और मार डाला
पूरा मामाला रायसेन के मंडीदीप का है. आरोपी मनोज काफी दिनों से दुष्कर्म पीड़िता पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था. गुरुवार को भी आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा. यहां पीड़िता की मां ने आरोपी को डांटकर भगा दिया. इसके आधे घंटे बाद आरोपी मनोज फिर वापस आया और चुपके से घर में घुस गया. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घर में घुसकर नाबालिग को धमकाना शुरू कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच बहस होने लगी. इस बीच आरोपी ने मनोज ने पेपर कटर निकाला और पीड़िता का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. वहीं मां ने जब विरोध किया तो आरोपी ने मां के दाहिने हाथ की दो उंगलियां काट दी. चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी पहुंचे तो पीड़िता का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था और मां दर्द से चिल्ला रही थी. इसके बाद पीड़िता की मां को अस्पातल में भर्ती करवाया गया.
CCTV कैमरे में भागता हुआ दिखा आरोपी
पुलिस के मुताबिक आसापस के लोगों ने आरोपी को घर में जाते नहीं देखा, लेकिन जब सीसीटवी कैमरे चेक किए गए तो आरोपी उसमें वारदात के बाद भागता हुआ दिखाई दे रहा है. मनोज अहिरवार शादीशुदा है और उसके 9 महीने की एक बच्ची भी है. आरोपी मनोज अहिरवार की पत्नी ने बताया कि मनोज करीब डेढ़ साल पहले पीड़िता को भगा ले गया था. जिसके बाद पीड़िता मनोज के साथ रहने का दबाव बना रही थी, जिसको लेकर मामले में 14 मई को सुनवाई होनी थी.
2 महीने पहले ही जेल से बाहर आया था आरोपी
आरोपी मनोज अहिरवार पर नाबालिग का अपहरण करके उसके साथ दुष्कर्म का आरोप था. जिसको लेकर वह जेल भी गया था. करीब दो महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया था. इसके बाद हैदराबाद की किसी कंपनी में नौकरी कर रहा था. लेकिन मंडीदीप लौटने के बाद उसने पीड़िता की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक इसके पहले पीड़िता एक बार आरोपी मनोज के पक्ष में बयान दे चुकी थी, लेकिन बाद में उसने अपना बयान बदल दिया था.
फिलहाल अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्तार से दूर है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के आधार पर आरोपी मनोज की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढे़ं: MP के स्कूलों में साइबर सिक्योरिटी की ट्रेनिंग, 9वीं से 12वीं क्लास के बच्चों के लिए परीक्षा भी अनिवार्य