MP Weather News: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है. रविवार को छतरपुर के नौगांव में पारा रिकॉर्ड 44.3 डिग्री पर पहुंच गया. वहीं जबलपुर में अप्रैल की गर्मी का 3 साल का रिकॉर्ड टूट गया. यहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री रहा, जो तीन साल में सबसे ज्यादा है.
एमपी के इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर बना रहेगा. निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, कटनी, उमरिया, जबलपुर, मंडला और छतरपुर में हीट वेव यानी, लू का अलर्ट है. इससे यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार बना रह सकता है. वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन-ग्वालियर समेत अन्य शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर ही रहेगा.
यहां 44 डिग्री के पार पहुंचा पारा
वहीं एमपी के सबसे गर्म जिलें की बात करें तो रविवार को छतरपुर के नौगांव में पारा सबसे ज्यादा 44.3 डिग्री दर्ज किया गया. गर्मी के इस सीजन में पहली बार पारा 44 डिग्री के पार पहुंचा. मंडला प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा. यहां तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया.
इन जिलों में बरसेंगे बादल
वहीं गर्मी के बीच एमपी के पश्चिमी हिस्सों के बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.
एमपी मे बदल रहा मौसम का मिजाज
इन दिनों मध्य प्रदेश में मौसम के मिजाज लगातार बदल रहे हैं. जहां कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है, वहीं अन्य क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- महिला आरक्षण बिल पर BJP-कांग्रेस में पोस्टर वार, MP में सांसद और पूर्व विधायक सोशल मीडिया पर भिड़े
जानें क्यों बदल रहा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अप्रैल और मई साल के सबसे गर्म महीने होते हैं. लेकिन इस बार मौसम प्रणालियों के बार-बार एक्टिव होने के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, और मौसम बदल रहा है.
