Vistaar NEWS

MP Census 2027: जनगणना ड्यूटी से गायब 23 शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई, नगर निगम कमिश्नर ने थमाया नोटिस

MP Census 2027

फाइल फोटो

MP Census 2027: जनगणना 2026 के कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर मुरैना नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. नगर निगम मुरैना के आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने 23 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. जारी नोटिस में बताया गया है कि इन शिक्षकों को जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत फील्ड कार्य के लिए प्रगणक/पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था.

फील्ड में उपस्थित नहीं हुए शिक्षक

कार्य 1 मई 2026 से शुरू हो चुका है, लेकिन संबंधित शिक्षक अब तक न तो फील्ड में उपस्थित हुए और न ही जनगणना किट प्राप्त की. प्रशासन का कहना है कि यह लापरवाही जनगणना अधिनियम 1948 के प्रावधानों का उल्लंघन है. ऐसे में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें जुर्माना और सजा का प्रावधान भी शामिल है.

नोटिस में सभी शिक्षकों को निर्देश

नोटिस में सभी शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 24 घंटे के भीतर उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के लिए मामला वरिष्ठ कार्यालय को भेज दिया जाएगा. नगर निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ये भी पढ़ें: स्कूल शिक्षा भर्ती में 10 साल बाद नियमों में बदलाव, संविदा टीचर्स को 50 परसेंट आरक्षण, EWS को भी 10 % रिजर्वेशन

Exit mobile version