Ujjain: एमपी में दिख रहा पीएम मोदी की अपील का असर, उज्जैन में अधिकारियों ने ट्रैवलर बस से किया सिंहस्‍थ कार्यों का निरीक्षण

Ujjain News: बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने इस व्यवस्था की शुरुआत की और सामूहिक रूप से सिंहस्थ क्षेत्र का दौरा किया.
Ujjain news

अधिकारियों ने ट्रैवल्‍स से किया निरीक्षण

Ujjain News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील और मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश के बाद उज्जैन जिला प्रशासन ने सरकारी कामकाज में बदलाव करते हुए नई पहल शुरू की है. अब सिंहस्थ मेले के निरीक्षण के लिए अधिकारी अलग-अलग गाड़ियों से नहीं, बल्कि एक ही वाहन में सफर कर रहे हैं. बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने इस व्यवस्था की शुरुआत की और सामूहिक रूप से सिंहस्थ क्षेत्र का दौरा किया.

15 अधिकारी पहुंचे एक साथ

बुधवार सुबह संभागायुक्त और सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्र, यूडीए सीईओ संदीप सोनी सहित करीब 15 अधिकारी एक साथ अर्बेनिया वाहन में बैठकर सिंहस्थ मेले के कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे. अधिकारियों ने लगभग 29 किलोमीटर लंबे घाट क्षेत्र और वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया. प्रशासन का कहना है कि इससे ईंधन की खपत कम होगी और सरकारी खर्च में भी बचत होगी.

पहले रोज निकलता था वाहनों का काफिला

पिछले कई दिनों से सिंहस्थ से जुड़े कार्यों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. पहले अलग-अलग विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी गाड़ियों से पहुंचते थे. इसमें कमिश्नर, कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी और जल संसाधन विभाग के अधिकारी शामिल रहते थे. करीब 15 वाहन रोज निरीक्षण में उपयोग किए जा रहे थे, जिससे पेट्रोल और डीजल की खपत काफी अधिक हो रही थी.

खर्च में आई बड़ी कमी

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पहले अलग-अलग वाहनों में निरीक्षण करने पर प्रतिदिन हजारों रुपए का ईंधन खर्च होता था. ज्यादातर वाहन एसयूवी श्रेणी के थे, जिनका माइलेज कम होता है. वहीं एसी चालू रहने के कारण ईंधन की खपत और बढ़ जाती थी. अब ट्रैवलर और अर्बेनिया जैसे बड़े वाहनों का उपयोग करने से खर्च में काफी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है.

टीम भावना और ट्रैफिक पर असर

मेला अधिकारी आशीष सिंह ने कहा कि सभी अधिकारियों के एक साथ सफर करने से विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और टीम भावना भी मजबूत होगी. वहीं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि पहले वाहनों का लंबा काफिला ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित करता था, लेकिन अब एक वाहन में सफर करने से जाम जैसी समस्याओं में भी राहत मिलेगी. प्रशासन ने इस पहल को भविष्य के लिए भी उपयोगी बताया है.

ये भी पढे़ं- CM Mohan Yadav ने अपने काफिले में कम की गाड़ियां, PM Modi की अपील के बाद मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला

ज़रूर पढ़ें