Vistaar NEWS

पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में 8 घंटे से लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, करोड़ों का नुकसान

Pithampur Industrial Area Fire

पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में लगी आग

Pithampur Industrial Area Fire (जफर अली की रिपोर्ट): धार जिले के पीथमपुर सेक्टर-3 स्थित हजारगो वेस्ट डिस्पोजल कंपनी में 21 अप्रैल को देर रात आग लग गई. इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन, दमकल विभाग और नगर पालिका को दी गई. दमकल की 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है. हालांकि अभी भी धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है. राहत एवं बचाव दल रेस्क्यू में जुटा हुआ है.

ज्वलनशील पदार्थ के कारण लगी आग

धार एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि हजारगो इंडस्ट्रीज में ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग लगी, जो फैलकर दो अन्य कंपनियों तक पहुंची थी. फिलहाल दोनों प्रभावित यूनिटों में आग को नियंत्रित कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि आसपास कोई रिहायशी क्षेत्र नहीं है, लेकिन ढाबों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है.

आग लगने से करोड़ों का नुकसान

स्लीपलूप इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और गलार्ड स्टील लिमिटेड के मालिक जौहर काला ने बताया कि पास की यूनिट में लगी आग से उनकी पूरी प्लांट और मशीनरी जलकर खाक हो गई है. उन्होंने कहा कि उनकी कंपनियां रेलवे और डिफेंस सेक्टर की सप्लायर हैं.

इस घटना के बाद उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे करोड़ों का नुकसान हुआ है. काला ने आरोप लगाया कि पिछले 4 साल में यह चौथी बार आग लगी है और कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई.

ये भी पढ़ें: इंदौर-उज्जैन के बीच बनेगा वर्ल्ड क्लास 4 लेन हाईवे! सिंहस्थ से पहले दोनों शहरों को मिलेगी सुपरफास्ट कनेक्टिविटी

किसी के हताहत होने की खबर नहीं

आग बुझाने के लिए धार और इंदौर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं. प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने बताया कि आग बुझाने के लिए 10 फायर टेंडर, इंदौर नगर निगम से 2 फोम एक्सटिंग्विशर और रेत-बजरी के डंपरों को तैनात किया गया था. सुरक्षा के दृष्टिगत आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और वर्तमान में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है. प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है.

Exit mobile version