MP में प्राधिकारणों को लेकर आदेश जारी, रविंद्र सोलंकी उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बने, ग्वालियर के मधुसूदन भदोरिया नियुक्त
रविंद्र सोलंकी उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बनाए गए हैं.
MP News: मध्य प्रदेश में निगम मंडल में नियुक्तियों के बाद अब प्राधिकरण के अध्यक्षों का ऐलान भी हो गया है. रविवार को इसकी शुरुआत हो गई है. रविंद्र सोलंकी उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बनाए गए हैं, वहीं मुकेश यादव और रवि वर्मा उपाध्यक्ष नियुक्त हुए हैं. इसके अलावा विजय अग्रवाल, अमित श्रीवास्तव, रामचंद्र शर्मा, सुशीला जाटवा और दुर्गा विलोटिया को उज्जैन विकास प्राधिकरण का सदस्य बनाया गया है. नगरीय विकास एवं आवास विभाग की तरफ से इसको लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं.
ग्वालियर प्राधिकरण की कमान मधुसूदन भदोरिया को दी गई
उज्जैन के अलावा ग्वालियर और अमकंटक प्राधिकरण के अध्यक्षों की घोषणा भी कर दी गई है. मधुसूदन भदोरिया को ग्वालियर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इसके अलावा सुधीर गुप्ता और वेद प्रकाश शिवहरे ग्वालियर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बनाए गए हैं. वहीं राजेंद्र भारती अमरकंटक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बनाए गए हैं. जबकि ग्वालियर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की कमान अशोक शर्मा को सौंपी गई है. साथ ही हरीश मेवाफरोश को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
महेंद्र यादव बने MP राज्य सहकारी अपेक्स बैंक के अध्यक्ष
बता दें निगम मंडलों की नियुक्तियों का दौर जारी है. रविवार को इसी क्रम में महेंद्र सिहं यादव को मध्य प्रदेश राज्य सहकारी अपेक्स बैंक का अध्यक्ष बनाया गया है. महेंद्र सिंह यादव इसके पहले मध्य प्रदेश बीज विकास निगम की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. उन्हें किसानों के साथ लंबे समय तक काम करने का अनुभव है. सबसे बड़ी बात है कि महेंद्र यादव को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का करीबी माना जाता है.