Vistaar NEWS

अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी के मामले में एक आरोपी रीवा से गिरफ्तार, दूसरे का विदेश से चल रहा सोशल मीडिया अकाउंट

Accused Nageshwar Singh arrested from Rewa

अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी मामले में आरोपी रीवा से गिरफ्तार

Accused Nageshwar Singh arrested from Rewa: समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने रीवा से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने साइबर जांच और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर रीवा जिले के रहने वाले नागेश्वर सिंह बघेल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, इस मामले एक और आरोपी है, जिसका अकाउंट विदेश से संचालित हो रहा है. पुलिस अब उसकी तलाश करने में जुटी है.

क्या था मामला?

अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी अमर्यादित टिप्पणी की गई थी. जिसको लेकर सपा कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी देखने को मिली थी. इस मामले में 11 जून को सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन प्रवीण यादव ने साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के बाद पुलिस ने जांच तेज कर कई आरोपियों को हिरासत में लिया था. इन सभी आरोपियों ने अदिति यादव की फोटो को शेयर कर अमर्यादित टिप्पणी की थी.

रीवा का रहने वाला है आरोपी

साइबर पुलिस ने जांच के बाद भरत पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था. जांच के दौरान पता चला कि नागेश्वर सिंह बघेल रीवा का रहने वाला है. साइबर पुलिस ने डिजिटल ट्रैकिंग और टेक्निकल एनॉलिसिस के आधार पर आरोपी को रीवा से गिरफ्तार कर लिया.

ये भी पढ़ेंः मऊगंज में किसानों का अनोखा प्रदर्शन, गले में पगाहा डालकर तहसील पहुंचे; कार्रवाई ना होने से परेशान थे

दो आरोपियों की तलाश

पुलिस के मुताबिक, अभी इस मामले में दो और नामजद आरोपी फरार है. जिसमें एक की पहचान भरत पटेल के रूप में की गई है. जब भरत पटेल के सोशल मीडिया अकाउंट को चेक किया गया, तो वह विदेश से संचालित पाया गया. शुरुआती जांच में उसकी लोकेशन अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य में पाई गई. वहीं दूसरे आरोपी की पहचान जौनपुर निवासी विनोद कुमार के रूप में की गई है. फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में एक्शन तेज कर दिया है.

Exit mobile version