Vistaar NEWS

धरने पर बैठे कल्‍पना मिश्रा के परिजनों से मिले उपमुख्‍यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, संजय गांधी अस्‍पताल में प्रसूता की हुई थी मौत

Deputy Chief Minister Rajendra Shukla meeting the family members.

पर‍िजनों से मिलते हुए उपमुख्‍यमंत्री राजेंद्र शुक्ला

Rewa News: रीवा के संजय गांधी अस्‍पताल में प्रसूता कल्‍पना मिश्रा और उनके नवजात बच्‍चे की मौत मामले में परिजनों का धरना प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा. परिवार न्‍याय और जिम्मेदारों पर एफआईआर की मांग को लेकर अड़ा हुआ है. ऐसे में उपमुख्‍यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने धरने पर बैठे कल्‍पना मिश्रा के परिवार से मुलाकात की है. इस दौरान परिजनों ने अपनी मांगों के साथ उपमुख्‍यमंत्री से बातचीत की है.

पिता ने की न्‍याय की मांग

कल्‍पना मिश्रा के पिता रामशरण मिश्रा ने मामले में कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होती और उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक वे धरना खत्म नहीं करेंगे. परिजनों का आरोप है कि प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कल्पना की इलाज के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. इसके बाद कल्पना और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई. परिवार ने अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

दो डॉक्टर निलंबित, नर्सिंग स्टाफ पर भी कार्रवाई

मामले की शिकायत के बाद अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन की ओर से जांच कराई गई थी. जांच के आधार पर दो डॉक्टरों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि दो नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है. मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी. इसके अलावा संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को भी उनके पद से हटा दिया गया है.

विभागीय कार्रवाई से परिवार संतुष्ट नहीं

हालांकि, इन विभागीय कार्रवाइयों से परिवार संतुष्ट नहीं है. रामशरण मिश्रा का कहना है कि उनकी मुख्य मांग अब तक पूरी नहीं हुई है. उनका कहना है कि बेटी और नवजात की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर आपराधिक कार्रवाई की जानी चाहिए.

जांच और निलंबन को पर्याप्त नहीं मान रहा परिवार

परिवार का कहना है कि केवल जांच, निलंबन और विभागीय कार्रवाई से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा. उनका आरोप है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई होना जरूरी है, ताकि दोषियों की जवाबदेही तय हो सके.

‘FIR होने तक जारी रहेगा धरना’

धरने पर बैठे रामशरण मिश्रा ने दोहराया कि वह अपनी बेटी और नाती की मौत का न्याय चाहते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

ये भी पढे़ं- रीवाः कल्पना मिश्रा के परिजनों का मेडिकल कॉलेज के डीन पर गंभीर आरोप, FIR की मांग को लेकर धरने पर बैठे

Exit mobile version