Vistaar NEWS

Sidhi News: रामपुर नैकिन बाजार में बाढ़ जैसे हालात, घरों और दुकानों में घुसा पानी, जनजीवन अस्त-व्यस्त

Rainwater entered houses in Rampur

रामपुर में बारिश का पानी घरों में घुसा

Sidhi News: सीधी जिले के रामपुर नैकिन तहसील अंतर्गत रामपुर नैकिन बाजार में बुधवार देर रात हुई तेज बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया. लगातार बारिश के बाद बाजार की कई सड़कें पानी में डूब गईं और बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए. बताया जा रहा है कि 100 से ज्यादा घरों और 30 से अधिक दुकानों के अंदर पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है.

गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बारिश थमने के बाद पानी धीरे-धीरे निकलना शुरू हुआ, लेकिन कई स्थानों पर सड़कों पर पानी का तेज बहाव बना हुआ है. अस्पताल चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा, पुरानी बाजार सहित मुख्य मार्ग पर भी जलभराव होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. कई लोग रस्सी और लकड़ियों का सहारा लेकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचते नजर आए.

पानी घुसने से खाद्य सामग्री प्रभावित

अचानक घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों की खाद्य सामग्री, अनाज, कपड़े और अन्य सामान पानी में डूब गया. दुकानदारों के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है.

मामा भांजा गारमेंट्स के संचालक पंकज गुप्ता ने बताया कि पूरी दुकान में पानी भर गया, जिससे बड़ी मात्रा में कपड़े पानी में डूब गए हैं और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि आसपास की कई दुकानों में भी पानी घुसा है. नालियां संकरी होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही और पानी सड़कों पर फैल रहा है.

हालात का जायजा लेने पहुंचे अधिकारी

वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार साहू ने कहा कि नदियों और नालों की साफ-सफाई कराई गई थी, लेकिन बारिश बेहद तेज होने के कारण यह स्थिति बनी है. उन्होंने बताया कि वह स्वयं मौके का जायजा ले रहे हैं और सीएमओ सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. पानी जल्द निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके.

बारिश रुकने के बाद प्रशासन और नगर पंचायत की टीम जलनिकासी में जुटी है. स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए नालियों की चौड़ाई बढ़ाने और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग की है.

ये भी पढे़ं- रीवा-मऊगंज में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, बिजली केंद्र डूबने से बत्ती गुल, कई परिवार छतों पर फंसे

Exit mobile version