Vistaar NEWS

MP News: रक्षाबंधन से पहले मिलावट पर शिकंजा, डेयरी कारखानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मावा जब्त

Raid on dairy

डेयरी पर छापा

MP News: रीवा में मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत कलेक्टर रीवा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेयरी प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की. रोसर स्थित रम्पत डेयरी के कारखाने में टीम ने अचानक दबिश दी. टीम के पहुंचते ही संचालक रामपति यादव ने सदस्यों को बाहर रोक दिया और अंदर जाकर संदिग्ध मावा कारखाने के पीछे खेत में कटीली झाड़ियों में छिपा दिया.

झाड़‍ियों में छिपा मावा बरामद

टीम को जब संदेह हुआ तो अंदर जाकर जांच की गई, जहां झाड़ियों में छिपाया गया मावा बरामद हुआ. प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए जाने पर मावे को जप्त कर लिया गया. इसके साथ ही कारखाने में तैयार किए जा रहे मावा और दही के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं. वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुठुलिया मोड़ स्थित शगुन डेयरी में भी जांच की. यहां से पनीर और मावा के नमूने जांच के लिए लिए गए.

डेयरी पर मिला मावा स्‍टॉक

इसके अलावा नेहरू नगर स्थित बालकृष्ण डेयरी में जांच के दौरान मावा का स्टॉक मिला. संचालक सच्चिदानंद पांडे से पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह मावा उनके कारखाने में तैयार नहीं हुआ, बल्कि मानिकपुरा के व्यापारी मातादीन से खरीदकर रक्षाबंधन के लिए स्टॉक किया गया है. टीम ने मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं.

जिले में कार्रवाई जारी

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत कलेक्टर रीवा के निर्देशन में जिलेभर में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- Bhopal: सरकार के आदेश के बाद निरीक्षण करने पहुंची खाद्य टीम, डेयरी से जब्त किया 116 किलो पनीर, जांच के लिए भेजे सैंपल

Exit mobile version