Vistaar NEWS

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के घर में दिखे नकाबपोश! 20 पर केस दर्ज, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

Deputy CM Rajendra Shukla

उपमुख्‍यमंत्री राजेंद्र शुक्ला

Rewa News: रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के निज निवास में घुसकर प्रदर्शन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. बताया जा रहा है कि पिछले दिनों यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी उपमुख्यमंत्री के निज निवास के अंदर तक पहुंच गए थे. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में घुसकर जमकर हंगामा किया और वहां रखी कई कुर्सियों को तोड़ दिया.

उपमुख्यमंत्री के परिवार और स्टाफ की ओर से आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग चेहरे ढककर उपद्रव करने की नीयत से अंदर पहुंचे थे जिसका वीडियो सामने आया है. आरोप है कि उनके हाथ में काले रंग का स्प्रे था, जिसे उन्होंने वहां मौजूद लोगों की आंखों में डालने की कोशिश की. अचानक हुए इस घटनाक्रम से कर्मचारी और स्टाफ दहशत में आ गए.

प्रदर्शन में गाली-गलौज के आरोप

आरोप यह भी है कि प्रदर्शन के दौरान गाली-गलौज की गई, जिसके बाद निज निवास में काम करने वाले कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. कर्मचारियों का कहना है कि घटना के बाद वे नियमित रूप से काम पर आने में भी डर रहे हैं.

मामले को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक आईजी कार्यालय पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शन के नाम पर उपद्रव करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. बीजेपी नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी के घर में घुसकर तोड़फोड़ और कर्मचारियों के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जा सकती.

20 लोगाें के खिलाफ एफआईआर

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए करीब 20 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. अब पुलिस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. फिलहाल रीवा में इस पूरे मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है.

एक तरफ कांग्रेस प्रदर्शन को जनहित के मुद्दों से जोड़ रही है, तो दूसरी तरफ बीजेपी इसे कानून-व्यवस्था और मर्यादा से जुड़ा गंभीर मामला बता रही है. लेकिन फिलहाल जिस तरह का घटनाक्रम सामने आया है हर कोई यह मान रहा है कि घर के अंदर जाकर ऐसी आव्हार्द्रता करना ठीक नहीं.

ये भी पढे़ं- धरने पर बैठे कल्‍पना मिश्रा के परिजनों से मिले उपमुख्‍यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, संजय गांधी अस्‍पताल में प्रसूता की हुई थी मौत

Exit mobile version