Rewa Sidhi Tunnel Stunt Video: रीवा और सीधी को जोड़ने वाली टनल कुछ समय पहले तक जहां सफर का अहम हिस्सा थी. वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वाले युवाओं के लिए स्टंटबाजी का अड्डा बनती जा रही थी. आए दिन टनल के अंदर और आसपास खतरनाक स्टंट करते युवाओं के वीडियो सामने आ रहे थे. कुछ लोग सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं.
स्टंटबाजों को चेतावनी
रीवा-सीधी को जोड़ने वाली टनल पर अब पुलिस ने स्टंटबाजों को साफ चेतावनी दे दी है. टनल के किनारों पर कई जगह साइन बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर स्पष्ट तौर पर लिखा है कि स्टंटबाजी करने और तेज गति से वाहन चलाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. दरअसल, टनल और इसके आसपास युवाओं द्वारा बाइक और कार से खतरनाक करतब करने के वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे. कई बार ये स्टंट दूसरे वाहन चालकों के लिए भी खतरा बन सकते हैं. हालांकि यह काम रीवा प्रशासन को और पुलिस को बहुत पहले करना चाहिए था लेकिन साइन बोर्ड लगाने में पुलिस को काफी समय लग गया.
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले इन वीडियो में रोमांच तो नजर आता था, लेकिन इसके पीछे बड़ा खतरा छिपा था. अब पुलिस ने ऐसे लोगों को रोकने के लिए टनल के आसपास चेतावनी बोर्ड लगा दिए हैं. साफ संदेश है कि सड़क को स्टंट का मैदान बनाने की कोशिश की गई तो कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: CG News: छत्तीसगढ़ में नए हवाई संपर्क की तैयारी, केंद्र और राज्य के बीच समझौता
पुलिस ने लोगों से की अपील
रीवा एसपी की ओर से लोगों से अपील की गई है कि टनल में स्टंटबाजी न करें और न ही तेज गति से वाहन चलाएं. पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. रीवा एसपी ने कहा कि यह बोर्ड पहले लगने चाहिए थे लेकिन हाल ही में जब नए वीडियो सामने आए तो कार्रवाई की जाएगी. जिस टनल पर कभी स्टंटबाजी के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे थे, वहां अब पुलिस ने चेतावनी के साथ साफ कर दिया है—सड़क पर सफर करें, स्टंट नहीं.
