Vistaar NEWS

Rewa News: छात्रावास में अनियमितता पर अधीक्षिका निलंबित, निरीक्षण में 43 छात्राओं में से 6 मिलीं मौजूद

rewa news

कार्यालय कलेक्टर, रीवा

मऊगंज जिले के शासकीय जूनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, भीर (नईगढ़ी) में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने बड़ी कार्रवाई की है. कलेक्टर के निर्देश के बाद तत्कालीन अधीक्षिका एवं प्राथमिक शिक्षक श्रीमती संतोष कुमारी साकेत के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. कलेक्टर ने उन्हें गंभीर लापरवाही, वित्तीय एवं प्रशासकीय अनियमितताओं तथा अनुशासनहीनता के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

43 दर्ज छात्राओं में मौके पर सिर्फ 6 मिलीं

जिला संयोजक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कार्य विभाग तथा तीन सदस्यीय जांच दल द्वारा छात्रावास के निरीक्षण के दौरान स्थिति संतोषजनक नहीं मिली. छात्रावास में कुल 43 छात्राएं दर्ज थीं, लेकिन निरीक्षण के समय मौके पर केवल 6 छात्राएं ही उपस्थित पाई गईं. इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए छात्रावास की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हुए.

मीनू के अनुसार भोजन नहीं, अभिलेख भी नहीं मिले

जांच के दौरान छात्राओं को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने की बात सामने आई. इसके अलावा छात्रावास से संबंधित आवश्यक अभिलेख भी जांच दल के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए गए. अधीक्षिका के छात्रावास परिसर से दूर निवास करने सहित अन्य प्रशासकीय अनियमितताएं भी निरीक्षण में सामने आईं.

प्रभार सौंपने के आदेश की भी हुई अवहेलना

अनियमितताओं के सामने आने के बाद श्रीमती साकेत को अधीक्षिका के प्रभार से मुक्त कर श्रीमती तारा देवी वर्मा को प्रभार सौंपने के निर्देश दिए गए थे. आरोप है कि इसके बावजूद उन्होंने प्रभार नहीं सौंपा और आदेश का पालन नहीं किया. जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब भी संतोषजनक नहीं पाया गया.

निर्देशों की अवहेलना पर कलेक्टर ने की कार्रवाई

कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों की अवहेलना और स्वेच्छाचारिता को गंभीरता से लेते हुए श्रीमती संतोष कुमारी साकेत को निलंबित कर दिया गया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है. उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी. छात्रावास में हुई इस कार्रवाई को विभागीय व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

ये भी पढे़ं- भोपाल: करंट लगने से भाजपा नेता की मौत, सीएम मोहन यादव ने जिला प्रशासन को जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश

Exit mobile version