Vistaar NEWS

Rewa के संजय गांधी अस्पताल की चौथी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, गंभीर हालत में इलाज जारी, वीडियो

rewa young man jumps from fourth floor of Sanjay Gandhi Hospital condition critical video

रीवा: संजय गांधी अस्पताल की चौथी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग

Rewa News: रीवा शहर के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान संजय गांधी अस्पताल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई. जब एक युवक ने अस्पताल की चौथी मंजिल से अचानक छलांग लगा दी. घटना इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक नीचे गिर गया. हादसे के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए. घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बचाने की कोशिश नाकाम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अस्पताल की चौथी मंजिल पर पहुंचा और खिड़की का कांच खोलकर नीचे देखने लगा. उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे समझाने और रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि कोई उसे पकड़ पाता, उसने नीचे छलांग लगा दी. युवक के गिरते ही वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और तत्काल अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचा.

अस्पताल में काम करता है युवक

घायल युवक की पहचान अर्जुन स्वीपर निवासी पाड़ेन टोला के रूप में हुई है. गंभीर चोटें आने के कारण उसे तत्काल उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में ही भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: ‘ऐ सानू इधर आओ… ये मार डालेंगे’, चीखती रही प्रसूता, लापरवाही के बाद जच्चा-बच्चा की मौत; चार डॉक्टर सस्पेंड

कारण स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही अमहिया थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस युवक के परिजनों तथा अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने यह कदम किन कारणों से उठाया. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े अस्पताल की चौथी मंजिल से युवक के कूदने की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर युवक इतनी ऊंचाई तक कैसे पहुंचा और समय रहते उसे रोका क्यों नहीं जा सका, इसे लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. पुलिस और अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं.

Exit mobile version