Satna News: सतना के जिला अस्पताल में प्रसव के बाद 32 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. महिला ने बेटी को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के बाद अचानक तेज ब्लीडिंग शुरू हो गई. परिजनों ने डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है. मृतका की पहचान बबीता रैदास पति नारायण दास, निवासी नया टोला वार्ड-3, उचेहरा के रूप में हुई है.
सामान्य प्रसव से बेटी का जन्म
मृतिका बबीता रैदास को रविवार सुबह उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया था. शाम करीब 8 बजे सामान्य प्रसव से बेटी के जन्म के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. डॉक्टरों ने ए पॉजिटिव ब्लड की दो यूनिट मांगी, जिसकी व्यवस्था परिजनों ने की. हालत गंभीर होने पर महिला को एचडीयू और फिर आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन सुबह करीब साढ़े 5 बजे उसकी मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
बबीता की दूसरी डिलीवरी थी
परिजनों के अनुसार, यह बबीता की दूसरी डिलीवरी थी. मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है. इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ से मरीज की स्थिति के बारे में जानकारी ली जाएगी, जिसके बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा.
ये भी पढे़ं- Morena: जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से गुजर रहे ग्रामीण, प्रशासन की नींद कब खुलेगी?
